
Ranchi : नयी दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में रविवार को झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कोर कमेटी की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की. उन्होंने कहा कि नवंबर-दिसंबर में होनेवाले चुनाव को देखते हुए अभी से ही तैयारी शुरू करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं और राज्य सरकार के चार साल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है. इसका अधिक से अधिक प्रचार प्रसार करने की जरूरत है, ताकि अगले चुनाव में भाजपा और सहयोगी दलों को बहुमत मिल सके.
उन्होंने पार्टी, संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर काम करने पर बल दिया. बैठक में मिशन 60 प्लस के नारे के साथ चुनाव की तैयारियां करने पर सहमति बनी. यह भी तय किया गया कि पार्टी के वर्तमान विधायकों के कार्यकाल की भी समीक्षा की जाये. बैठक के दौरान वर्तमान विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गंठबंधन की स्थिति और सहयोगी दलों के साथ तालमेल पर भी रणनीति बनायी गयी.
इसे भी पढ़ें- राज्य गठन के 18 साल बाद भी पुलिस बल की कमी से जूझ रहा झारखंड, 15 हजार पुलिस की है कमी
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य की स्थिति की जानकारी दी
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बैठक में राज्य की स्थिति की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से एक सौ से अधिक योजनाओं को तीन महीने में पूरा करने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने किसानों और महिलाओं को और सशक्त बनाने की केंद्र की योजना को अमली जामा पहनाने की बातें भी कहीं. बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल, संगठन महामंत्री सौदान सिंह समेत प्रदेश के प्रमुख नेता शामिल हुए. मुख्यमंत्री रघुवर दास रविवार सुबह 11 बजे दिल्ली गये थे. दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से औपचारिक मुलाकात की.
इसे भी पढ़ें- 38 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों को चार महीने से नहीं मिला पैसा, बच्चों की खिचड़ी और दलिया पर भी आफत

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य की स्थिति की जानकारी दी


