
NewDelhi : देश भर में ईद मनायी जा रही है. लेकिन जम्मू-कश्मीर में ईद की खुशियों के बीच उपद्रवियों ने सुरक्षा बलों पर जमकर पथराव किया. पथराव श्रीनगर में जामिया मस्जिद के बाहर किये जाने की खबर है. उपद्रवियों ने हाथों में आतंकी जाकिर मूसा और अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित हो चुके मसूद अजहर के समर्थन में पोस्टर बैनर लेकर लहराये. इतना ही नहीं कई लोगों ने कश्मीर बनेगा पाकिस्तान जैसे नारे लिखे पोस्टर भी अपने हाथों में ले रखे थे.
श्रीनगर में ईद की नमाज के बाद उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया. मौके पर उन्हें काबू करने पहुंचे सुरक्षाबलों पर भी जमकर पत्थर फेंके गये. इस पथराव में सुरक्षाबलों को चोट लगी है. ईद की खुशियां मनाने घर के बाहर निकले लोगों को अपने घरों में ही कैद होना पड़ा. देखते ही देखते सड़कों पर सिर्फ उपद्रव करने वाली ही नजर आने लगे. इस क्रम में आतंकी संगठन आईएस (इस्लामिक स्टेट) के पोस्टर भी देखे गये.
इसे भी पढ़ेंःचुनावी बॉन्ड : EC को BJP, कांग्रेस सहित अन्य दलों ने अब तक नहीं दिया चंदे का ब्यौरा
मूसा आर्मी लिखे बैनर पोस्टर थे
बता दें कि जामिया मस्जिद के बाहर दर्जनों लोग अपना चेहरा ढककर सड़क पर उतरे. उनके हाथों में मूसा आर्मी लिखे बैनर पोस्टर थे. उन्होंने मूसा के समर्थन में नारेबाजी की. इस दौरान खुलेआम भड़काऊ नारे लगाये गये. उपद्रवियों को काबू करने के लिए भारी तादाद में सुरक्षा बलों के जवान मौके पर पहुंचे.
भीड़ में मौजूद उपद्रवियों ने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाये और आतंकी मसूद अजहर की तस्वीरों वाले, कश्मीर बनेगा पाकिस्तान लिखे बैनर पोस्टर लहराये. उपद्रवी सड़कों पर ही नहीं घरों और इमारतों की छतों पर पहुंच गये और वहां से प्रदर्शन और पथराव करने लगे.
उपद्रवियों को काबू करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हवाई फायरिंग की. इस बीच पुलवामा में आतंकवादियों ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना बुधवार की सुबह हुई. पुलिस ने बताया कि आतंकवादियों की गोली लगने से एक व्यक्ति घायल भी हुआ है. मृतक की पहचान नगीना बानो के तौर पर हुई है.




