
Dhanbad : कालूबथान ओपी क्षेत्र के कयराबांक गांव निवासी दुलाल मंडल की 24 वर्षीय पत्नी टुंपा मंडल ने सोमवार को कालूबथान व काटाजानी फाटक के बीच ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी. टुंपा की मां सविता मंडल ने आरोप लगाया कि दहेज प्रताड़ना से तंग आकर उसकी बेटी ने जान दी है.
बताया जा रहा है कि टुंपा मंडल की मौत के बाद सूचना पाकर उसके पति के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे व शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव स्थित मंडल तालाब के किनारे ले गये. लेकिन तब तक किसी ने टुंपा के मायके वालों को खबर कर दी. सूचना पाते ही गोविदपुर थाना क्षेत्र के मोहबनी गांव से मां सविता मंडल अपने भाइयों के साथ केयराबांक पहुंची.
इसे भी पढ़ेंः गढ़वा में नाबालिग से दुष्कर्म, पलामू में युवती की गला दबाकर हत्या, दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
टुंपा को आठ माह का पुत्र भी है
मां ने आरोप लगाया कि दहेज प्रताड़ना के तंग आकर बेटी ने जान दी है. सूचना पर कालूबथान ओपी प्रभारी रामाशीष पासवान दलबल के साथ गांव पहुंचे और शव को कब्जे में लिया. टुंपा को आठ माह का पुत्र भी है. सविता मंडल के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
ये है पूरा मामला
सविता ने कहा कि 2015 में टुंपा की शादी केयराबांक निवासी निरंजन मंडल के पुत्र दुलाल मंडल से आंखद्वारा स्थित कृष्णधाम मंदिर में हुई थी. जब भी वह मायके आती थी तो ससुराल वाले शादी के दहेज में बकाया दस हजार रुपये लाने के लिए झगड़ते थे. टुंपा अपने मां-बाप की इकलौती संतान थी. इसलिए मायके की जमीन बेचकर पैसा देने की मांग ससुराल वाले करते थे.
सविता ने अपने दामाद दुलाल मंडल, समधी निरंजन मंडल, समधन नियति मंडल एवं ननद पुतुल मंडल को बेटी की मौत का जिम्मेदार बताया है. कहा है कि दहेज प्रताड़ना के कारण टुंपा ने जान दी है.
ससुराल वालों ने बिना किसी को बताये शव को जलाने का प्रयास किया. पहली पत्नी की मौत के बाद दुलाल ने टुंपा से दूसरी शादी की थी. शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेजा जा रहा है.
इसे भी पढ़ेंः बोकारो: हादसे को आमंत्रित कर रहा है बिजली विभाग का कारनामा, एक ही खंभे में 33 हजार, 11 हजार और 220 वोल्ट के तारों को लगाया




