
Wayanad : केरल के वायनाड में कांग्रस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक रैली में भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा कि पांच साल पहले एक सरकार सत्ता में आयी थी, जिसे एक बड़े बहुमत से वोट दिया गया था. देश के लोगों ने भाजपा सरकार में अपना विश्वास और आशाएं रखीं. प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने सत्ता में आने के बाद से उस विश्वास को धोखा देना शुरू कर दिया.
प्रियंका ने भाजपा के 15 लाख रुपए देने के वादे पर निशाना साधा. कहा कि वे यह मानने लगे कि सत्ता उनकी है लोगों की नहीं. इस गलतफहमी का पहला संकेत तब मिला जब उनके अपने अध्यक्ष ने चुनाव के तुरंत बाद घोषणा की कि हर बैंक खाते में 15 लाख रुपए आयेंगे.
इसे भी पढ़ें – सीजेआइ पर यौन उत्पीड़न का आरोप, हुई विशेष सुनवाई, बोले गोगोई- कुछ ताकतें सीजेआइ के ऑफिस को निष्क्रिय करना चाहती हैं
वादा सिर्फ चुनावों के लिए था
प्रियंका ने कहा कि यह वादा सिर्फ चुनावों के लिए था, जिसे उन्होंने जुमला कहा था. बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस बार अपनी पारंपरिक उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट के साथ ही केरल की वायनाड सीट से भी लोकसभा चुनाव लड़ रहें है. इसके लिए उन्होंने नामांकन भी दाखिल कर दिया है. नामांकन के वक्त भी राहुल के साथ प्रियंका नजर आयी थीं और उस दौरान भी प्रियंका ने वायनाड की जनता से कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर भावनात्मक अपील करते हुए कहा था कि आप लोग राहुल का ख्याल रखिएगा.
राहुल के बारे में प्रियंका ने कहा, मैं उस व्यक्ति की ओर से यहां खड़ी हूं, जिसे मैं उस दिन से जानती हूं, जिस दिन वह पैदा हुए थे. वह इस चुनाव में आपके उम्मीदवार हैं. वह पिछले 10 सालों में अपने विरोधियों से बड़े पैमाने पर व्यक्तिगत हमले का सामना कर चुके हैं. उन्होंने राहुल की वह छवि गढ़ने की कोशिश की है जो सच्चाई से बहुत दूर है.
इसे भी पढ़ें – पीएम मोदी ने कहा, हिंदुओं के साथ आतंकी शब्द चिपकाने के लिए कांग्रेस ने की साजिश




