
रामगढ़ : भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय जम्बूरी में भाग लेने के लिए रामगढ़ जिले के विभिन्न विद्यालयों के 61 छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों/शिकाओ की टीम बरकाकाना रेलवे स्टेशन से उत्साहपूर्ण माहौल में रवाना हुई। यह टीम जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए आगामी दिनों तक होने वाले विविध राष्ट्रीय कार्यक्रमों में प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी।
मुख्य आयुक्त ने किया उत्साहवर्धन
रामगढ़ जिला भारत स्काउट एवं गाइड के जिला मुख्य आयुक्त राजीव जायसवाल स्वयं देर रात स्टेशन पहुँचे और पूरे दल को लखनऊ के लिए विदाई दी। बच्चों और शिक्षकों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा, “राष्ट्रीय जम्बूरी में भाग लेना किसी भी विद्यार्थी के लिए जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव होता है। मुझे विश्वास है कि रामगढ़ के बच्चे न केवल अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रीय मूल्यों की सीख लेकर लौटेंगे, बल्कि जिले का नाम भी उज्ज्वल करेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय आयोजन छात्रों में आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत करते हैं।
गौरव का विषय
बता दें कि इस बार की राष्ट्रीय जम्बूरी विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी शामिल होने वाली हैं। यह अवसर प्रतिभागियों को देश के सर्वोच्च नेतृत्व से प्रेरणा प्राप्त करने का अद्वितीय मौका प्रदान करेगा। इस दौरान जम्बूरी में रामगढ़ की प्रतिभा भी दिखेगी, जिसमें रामगढ़ जिले के छात्र-छात्राएँ कैंप क्राफ्ट, साहसिक गतिविधियाँ, राष्ट्रीय एकता कार्यक्रम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्य जैसी विविध गतिविधियों में भाग लेंगे.
इन गतिविधियों से बच्चों को टीमवर्क, नेतृत्व, अनुशासन, सेवा भावना और आत्मनिर्भरता जैसे मूल गुणों को विकसित करने का अवसर मिलेगा। दल को विदा करने के कार्यक्रम में जिला संगठन आयुक्त सूरज कुमार, डी ए वी बरकाकाना के पीटीआई देव कुमार, जिला संगठन के अन्य अधिकारी और अभिभावक उपस्थित थे। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सफल सहभागिता की कामना की।




