ChatraCrime News

चोरी के सामान के साथ 5 चोर गिरफ्तार, 5 हजार नकद भी बरामद

  • गिरफ्तार चोरों में 3 नाबालिग, भेजा गया रिमांड होम हजारीबाग

Chatra : चतरा पुलिस को शहर में सक्रिय चोर गिरोह के विरुद्ध बड़ी सफलता हाथ लगी है. थाना प्रभारी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस ने शहर में आतंक का पर्याय बन चुके तीन नाबालिग समेत चार चोरों को गिरफ्तार कर गिरोह का उद्भेदन किया है.

साथ ही पुलिस की छापेमारी टीम ने चोरों की निशानदेही पर चोरी के आभूषण की खरीद बिक्री करने वाले ज्वेलरी दुकान संचालक को भी गिरफ्तार किया है. चोरों की गिरफ्तारी शहर से सटे छोटकी देवरिया इलाके से हुई है. मौके से पुलिस ने चोरी के पांच हजार रुपये नगद समेत घरों में चोरी के दौरान ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे का रॉड बरामद किया है.

सदर थाना प्रभारी लव कुमार ने बताया कि चार दिन पूर्व शहर के नगवां मोहल्ला इलाके में गोपाल सिंह व विनोद सिंह के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था. इस दौरान चोरों ने घर से दस हजार रुपये नकद समेत सोना व चांदी के आभूषण की चोरी की थी जिसे बाद में बस स्टैंड के समीप स्थित गोपाल सोनी के ज्वेलरी दुकान में सस्ते दाम में बेचा था.

थाना प्रभारी ने बताया कि तीन नाबालिग चोरों के साथ पवन ठाकुर नामक चोर ने दुर्गा पूजा का खर्च निकालने की नीयत से चोरी की घटना को अंजाम दिया था. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार एक चोर व चोरी के आभूषण खरीद के आरोपी दुकान संचालक को जेल भेज दिया गया है. वहीं तीनों नाबालिग चोरों को बाल सुधार गृह हजारीबाग भेजा गया है.

Related Articles

Back to top button