
Chaibasa : रुपए कमाने के सपने दिखाकर कर 5 नाबालिग को कोलकाता ले जाने के दौरान मनोहरपुर स्टेशन पर सामाजिक कार्यकर्ता नितेश कुमार ने दो मानव तस्करों को पकड़ा. सभी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया. इस दौरान पांच नाबालिग को रेस्क्यू किया गया जिसमे 1 किशोर और 4 किशोरी शामिल है. सभी की उम्र 10 से 12 साल है. सभी पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना अंतर्गत कुदला गांव के रहने वाले है. वहीं गिरफ्तार किए गए तस्करों में पश्चिम बंगाल के 24 उत्तर परगना जिले के सिराजुल इस्लाम और उसकी महिला सहयोगी मालती डांगिल शामिल है. सभी नाबालिग को बालश्रम के लिए टिटलागढ़ हावड़ा सुपरफास्ट इस्पात एक्सप्रेस से कोलकाता ले जाया जा रहा था.
सभी बच्चों को बाल संरक्षण के संरक्षक कृष्णा तिवारी ने चाईबासा चाइल्ड हेल्प लाइन के माध्यम से बच्चों को सुपुर्द कर दिया है जहाँ सभी बच्चों को चाईबासा भेजा जा रहा है. उन्होंने बताया कि वहीं बच्चों का पुनर्वास के लिए उनके अभिभावकों को बुलाकर आगे की कारवाई की जायेगी. इस कार्य में सामाजिक कार्यकर्ता बंधना उराँव, डा.अशोक महतो, सुशांत नायक, नितेश महतो,जगन्नाथ पोद्दार आदी का सराहनीय योगदान रहा.




