
Ranchi : आगामी 23 जून को मांडर विधानसभा में उपचुनाव को लेकर सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है. शांतिपूर्ण मतदान संपन्न करवाने के लिए करीब चार हजार जवानों को तैनात किया जायेगा. इसमें सीआरपीएफ, एसआरबी, जैप, जिला बल और होमगार्ड के जवान शामिल हैं. शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न करवाने के लिए 6 जोन और 10 सबजोन में बांटा गया है. छह जोन में डीएसपी स्तर के अधिकारी तैनात रहेंगे जबकि दस सब जोन में इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी मोर्चा सम्भालेंगे. वहीं संवेदनशील बूथों की विशेष सुरक्षा की जायेगी. बूथ के आसपास ऊंची बिल्डिंग पर जवानों को तैनात किया जायेगा. अतिसंवेदनशील बूथों पर सीआरपीएफ तैनात किया जायेगा.
एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने बताया कि मांडर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े अन्य जिलों की सीमाओं को सील कर दिया गया है. इलाके में स्थित होटल और लॉज में भी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें:यशवंत सिन्हा को विपक्ष ने बनाया राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार
लोहरदगा व लातेहार जैसे उग्रवाद प्रभावित जिलों से सटा है मांडर
रांची जिले का मांडर विधानसभा क्षेत्र लोहरदगा और लातेहार जैसे उग्रवाद प्रभावित जिलों से सटा हुआ है. इन जिलों उग्रवादियों की सक्रियता रहती है. मांडर व आसपास के इलाके में पीएलएफआइ और टीपीसी जैसे संगठन की भी सक्रियता रहती है. हालांकि पुलिस इलाके में उग्रवादी गतिविधि पर विशेष नजर रख रही है.
अभियान भी चलाया जा रहा है. गौरतलब हो कि बंधु तिर्की की विधायकी जाने के बाद मांडर विधानसभा खाली चल रहा था. जहां 23 जून को उपचुनाव होना है.
इसे भी पढ़ें:Ranchi हिंसा: PFI कनेक्शन की जांच कर सकती है केंद्रीय एजेंसी, अब तक 29 गिरफ्तार




