Uncategorized

गद्दारों ने लाल किला भी बनाया, क्या मोदी वहां तिरंगा फहराना बंद कर देंगे : ओवैसी

News Wing
Hyderabad, 16 October : उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक संगीत सोम द्वारा ताजमहल पर की गई टिप्पणी पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने जवाब दिया है. ओवैसी ने पूछा कि क्या सरकार पर्यटकों से यह कहेगी कि वे ताजमहल देखने नहीं जाएं ?
मालूम हो कि संगीत सोम ने ताजा विवाद उत्पन्न करते हुए इतिहास में ताजमहल के स्थान पर सवाल उठाया था. ऐतिहासिक तथ्यों को तोड़ मरोड़कर पेश करते हुए कहा था कि इसका निर्माण ऐसे शहंशाह ने कराया था जिसने अपने पिता को कैद करने के साथ ही हिंदुओं को निशाना बनाया.

पयर्टन बुकलेट में ताजमहल शामिल नहीं
उक्त टिप्पणी उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा कथित तौर पर एक आधिकारिक पयर्टन बुकलेट में ताजमहल को शामिल नहीं किये जाने के बाद आयी.
सोम ने कहा, ‘‘कई लोगों को यह देखकर बहुत दर्द हुआ कि ताजमहल को :पर्यटन स्थलों की: धरोहर सूची से हटा दिया गया. कौन सा इतिहास?’’ उन्होंने कहा, ‘‘क्या वह इतिहास कि ताजमहल बनाने वाले ने अपने पिता को कैद किया था? क्या आप उसे इतिहास कहेंगे कि ताजमहल बनाने वाले ने उत्तर प्रदेश और हिंदुस्तान में कई हिंदुओं को निशाना बनाया?’’ वास्तव में मुगल शहंशाह शाहजहां ने अपनी पत्नी मुमताज महल की स्मृति में ताजमहल बनाया था और शाहजां को ही उनके पुत्र औरंगजेब ने उनके आखिरी दिनों में कैद कर दिया था.

सरधना से विधायक सोम ने मुगल शहंशाह बाबर, अकबर और औरंगजेब को ‘‘गद्दार’’ करार दिया और कहा कि उनके नाम इतिहास से हटाये जाएंगे.

गद्दारों ने लाल किला भी बनाया, क्या मोदी वहां तिरंगा नहीं फहराएंगे
टिप्पणी पर हैदराबाद से लोकसभा सांसद ओवैसी ने ट्वीट किया, ‘‘गद्दारों ने लाल किला भी बनाया, क्या मोदी वहां पर तिरंगा फहराना बंद कर देंगे? क्या मोदी और योगी घरेलू और विदेशी पर्यटकों से ताजमहल नहीं जाने के लिए कहेंगे?’’ एआईएमआईएम प्रमुख ने यह भी कहा कि केंद्र दिल्ली में विदेशी गणमान्य व्यक्तियों की मेजबानी के लिए जिस हैदराबाद हाउस का इस्तेमाल करता है उसका निर्माण भी ‘‘गद्दार’’ द्वारा किया गया था.

हैदराबाद हाउस का निर्माण आखिरी निजाम उस्मान अली खान ने अंग्रेजों द्वारा मुहैया करायी गई जमीन पर कराया था. उत्तर प्रदेश के सिसोली गांव में आठवीं सदी के नरेश अनंगपाल सिंह तोमर की एक प्रतिमा का कल अनावरण करते हुए सोम ने यह भी कहा कि भारत के आक्रमणकारियों का महिमामंडन किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button