
Dhanbad : दूसरे राज्यों से लोगों को झारखंड तो लाया जा रहा है लेकिन अपने घर पंहुचकर भी लोग राहत की सांस नहीं ले पा रहे हैं. क्योंकि दूसरे राज्यों में फंसे लोगों को तो लाया जा रहा है लेकिन पहले से क्वारेंटाइन सेंटर नही बनाया गया है जिसमें लोग क्वारेंटाइन की अवधि को पूरा कर सके. जो क्वारेंटाइन सेंटर बनाये गये हैं, उसमें अव्यवस्था का माहौल है.
झरिया के डिगवाडीह के कौशल विकास केंद्र में बनाये क्वारेंटाइन सेंटर में शनिवार को लोगों ने जमकर हंगामा किया. उनका कहना था कि क्वारेंटाइन सेंटर में गंदगी का अंबार है. यहां किसी चीज की सुविधा नहीं है. गंदगी के कारण क्वारेंटाइन सेंटर में ठीक होने के बजाय लोग और बीमार हो जायेंगे. उन्होंने बताया कि कमरे में धूल जमी हुई है. बाथरूम में गंदगी फैली हुई है. बाथरूम का पानी कमरे में आ जाता है जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने सभी लोगों को होम क्वारेंटाइन करने की मांग की.
इसे भी पढ़ेंः खतरनाक हालातः एक तरफ मजदूरों की बिछती लाशें और दूसरी तरफ डूबती अर्थव्यवस्था
वेल्लोर से धनबाद लाये गये थे 350 लोग
बता दें कि शुक्रवार को वेल्लोर में फंसे लोगों को स्पेशल ट्रेन से रांची लाया गया था. जिसके बाद लोगों को अपने अपने जिला बस द्वारा भेजा गया. जिसमें लगभग 350 लोग धनबाद के भी थे. सभी रात 11 बजे धनबाद पंहुचे. जहां धनबाद सदर अस्पताल जांच के लिए ले जाया गया. इसके बाद सभी को विधानसभा क्षेत्र में क्वारेंटाइन के लिए भेजा गया.
इसे भी पढ़ेंः माननीय! सुनिए मजदूरों की पीड़ाः खाने के लिए दाने -दाने को मोहताज हो रहे प्रवासी मजदूर
11 बजे दिन में दिया गया सिर्फ एक बिस्कुट
क्वारेंटाइन सेंटर में रह रहे लोगों ने बताया कि रात में ही हमलोगों को क्वारेंटाइन सेंटर में लाया गया. 11 बजे दिन तक सिर्फ एक बिस्कुट दिया गया. उन्होंने कहा कि हमलोगों को तो वेल्लोर और धनबाद सदर अस्पताल में कोरोना जांच के लिए स्क्रीनिंग हो चुकी है, जिसमें सभी लोग स्वस्थ्य हैं.
लेकिन अगर इस क्वारेंटाइन में रहेंगे तो कोरोना से तो नहीं लेकिन हमलोग दूसरी बीमारी की चपेट में आ जायेंगे. उन्होंने कहा कि इस क्वारेंटाइन सेंटर में बच्चे और महिलाएं भी हैं. इस मामले में धनबाद एसडीएम राज महेश्वरम ने कहा कि हम मामले की जांच करवाते हैं. समस्या की जानकारी लेने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे.
इसे भी पढ़ेंः गुड न्यूज : कोरोना को मात देने वाले तीनों मरीजों का फूलों से स्वागत, डीसी ने दिया उपहार




