
Palamu: झारखंड नवनिर्माण मोर्चा के अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह को मंगलवार देर रात तीन थानों की पुलिस ने एक शादी समारोह के दौरान गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि ये गिरफ्तार आर्म्स एक्ट के तहत हुई है. अभिमन्यु सिंह पर लाइसेंस से अधिक हथियार रखने का आरोप है. साथ ही हथियार से भय की स्थिति पैदा करने का भी आरोप लगाया जा रहा है. पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25A1 और 30A के तहत कार्रवाई की है. हालांकि, गिरफ्तार करने के बाद पहले अभिमन्यु सिंह रेहला थाना में रखा गया, लेकिन जैसे ही वहां समर्थकों की भीड़ बढ़ने लगी, पुलिस ने उन्हें और उनके समर्थकों को पंडवा थाना शिफ्ट कर दिया.
इसे भी पढ़ेंः स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी की यूनिवर्सिटी को विभाग की हरी झंडी
लाइसेंस से ज्यादा शस्त्र रखने का मामला
जिले के एसपी इंद्रजीत महथा ने झारखंड नवनिर्माण मोर्चा के अध्यक्ष अभिमन्यु सिंह की गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि ये कार्रवाई आर्म्स एक्ट के उल्लंघन को लेकर हुई है. अभिमन्यु सिंह पर लाइसेंस से अधिक हथियार रखने का आरोप है. साथ ही हथियार से भय की स्थिति पैदा करने का भी आरोप लगाया जा रहा है. पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25A1 और 30A के तहत कार्रवाई की है.
पूरी रात रही उहापोह की स्थिति
डालटेनगंज के सक्रिय नेता अभिमन्यू सिंह की देर रात गिरफ्तारी के बाद, पूरी रात उहापोह की स्थिति बनी रही. पुलिस ये बता ही नहीं रही थी कि अभिमन्यु सिंह को आखिर किस मामले में गिरफ्तार किया गया है. न्यूज विंग की टीम ने भी पुलिस से संपर्क साधने की कोशिश की. लेकिन किसी अधिकारी ने फोन नहीं उठाया. वही संवाददाता ने जब अभिमन्यू सिंह से बात की, तो उन्होंने ने भी यही कहा कि उन्हें भी कोई जानकारी नहीं दे रहा कि कार्रवाई क्यों की गई है. हालांकि, बुधवार सुबह एसपी ने बताया कि आर्म्स एक्ट को लेकर ये कार्रवाई की गई है.
कहां से हुई गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक रात 12 बजे रेहला में रंजीत सिंह की पुत्री की शादी समारोह में अभिमन्यु सिंह एवं मीडिया प्रभारी राहुल कुमार दुबे, कार्यकर्ता लडू पांडे समेत 6 लोग शामिल होने गए थे. अभिमन्यु सिंह और राहुल कुमार दुबे के शादी समारोह से बाहर निकलते ही रेहला, नावा बाजार व विश्रामपुर थाना की पुलिस द्वारा संयुक्त रूप कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और रेहला थाना ले जाया गया. बाद में फिर अहले सुबह 3 बजे पड़वा थाना शिफ्ट कर दिया गया.
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शादी समारोह में सूबे के स्वास्थ्य मंत्री रामचन्द्र चन्द्रवंशी भी शामिल हुए थे. कार्यक्रम के दौरान अभिमन्यु सिंह और मंत्री जी की मुलाकात हुई थी. आरोप है कि मंत्री के इशारे पर अभिमन्यु सिंह और उनके समर्थकों को गिरफ्तार किया गया है.
कौन हैं अभिमन्यु सिंह?
अभिमन्यु सिंह विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय नेता हैं. पिछले विधानसभा चुनाव में मंत्री रामचन्द्र चन्द्रवंशी के विरूद्ध अभिमन्यु सिंह की पत्नी ने चुनाव लड़ा था और कड़ी टक्कर दी थी. आपराधिक मुकदमा होने के कारण अभिमन्यु सिंह के चुनाव लड़ने पर रोक है. इसके अलावा सामाजिक सहित अन्य कार्यों में अभिमन्यु सिंह विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में सक्रियता दिखाते रहते हैं. खबर है कि पिछले दिनों मंत्री रामचन्द्र चन्द्रवंशी के खास सहयोगी रामरेखा चन्द्रवंशी को गिरफ्तार कराने में अभिमन्यु सिंह और उनके कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर दबाव बनाया था.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




