
Giridih: 20 सालों बाद चुनावी वर्ष में 110 किमी के गिरिडीह-कोडरमा रेलखंड पर गिरिडीह-कोडरमा वाया मधुपूर सवारी ट्रेन शुरू की गयी. 927 करोड़ की इस परियोजना को पहले गिरिडीह-कोडरमा स्टेशन तक ही सीमित किया गया था. इसके लिए गिरिडीह के बेंगाबाद प्रखंड में न्यू गिरिडीह स्टेशन का निर्माण कर ट्रायल परिचालन कराया गया था. इसका उद्घाटन समारोह 25 फरवरी को तय किया गया था. लेकिन कोडरमा सांसद डॉ रवीन्द्र राय की पहल पर उदृघाटन रविवार को किया गया. साथ ही गिरिडीह-कोडरमा सवारी ट्रेन का विस्तारीकरण मधुपूर तक किया गया. कावाड़ स्टेशन में ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गिरिडीह सांसद रवीन्द्र पांडेय, स्थानीय विधायक निर्भय शाहबादी और धनबाद रेल डीआरएम अनिल मिश्रा ने संयुक्त रुप से विदा किया.
गिरिडीह-धनबाद रेल परियोजना को मिली स्वीकृति
धनबाद रेल डिवीजन की और से कावाड़ स्टेशन के साथ ट्रेन को भी खास तौर पर सजाया गया था. धनबाद रेल डिवीजन के साथ जनप्रतिनिधियों ने जिस उत्साह की उम्मीद लगा रखी थी, वो नहीं दिखायी पड़ी. उद्घाटन में शहर के लोगों की भीड़ नदारद रही. चंद ग्रामीणों की भीड़ ही जुट पाई थी. सांसद-विधायक के समर्थक के अलावे भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ समारोह में देखने को मिली. कावाड़ स्टेशन में पहले स्टेशन प्रबंधक के रूप में रंजीत कुमार को नियुक्त किया गया. सांसद पांडेय ने परियोजना के पूरा होने में पीएम मोदी को सारा श्रेय देते हुए कहा कि पीएम के दबाव के बाद गिरिडीह-कोडरमा परियोजना को पूरा किया जा सका. कहा कि अब डबल इंजन की सरकार के कार्यकाल में लोगों को सिर्फ विकास ही नजर आयेगा. गिरिडीह-धनबाद रेल परियोजना की स्वीकृति मिलने की बात सांसद पांडेय ने कही.
927 करोड़ की थी परियोजना
विधायक शाहबादी ने कहा कि गिरिडीह-कोडरमा रेल परियोजना की तर्ज पर हर परियोजना अब धरातल पर दिखनी शुरू होगी. 2019 के चुनाव के बाद मोदी के नेत्तृव में सरकार बनने के साथ ही हर योजनाओं को तेजी से उतारा जाएगा. इस बीच डीआरएम मिश्रा ने बताया कि 927 करोड़ की इस रेल परियोजना के पूरे होने के बाद अब इस रेलखंड पर विद्युतीकरण का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है. विद्युतीकरण योजना के पूरे होने का लक्ष्य 2019-20 तय किया गया है. आने वाले समय में यह ट्रेन विद्युतीकरण के माध्यम से दौड़ेगी.
मौके पर ये लोग थे मौजूद
उद्घाटन समारोह में धनबाद रेल डिवीजन के डिप्टी चीफ आशुतोष चैरसिया, धनबाद रेल एसपी विनोद कुमार, रेलकर्मी के अलावे भाजपा नेता सुनील अग्रवाल, सदानंद राम, नवनीत सिंह, अर्जुन बैठा, यदुनंदन पाठक, संजीत सिंह पप्पू समेत काफी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे. ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद सांसद-विधायक भी ट्रेन में चढ़े और लोगों का अभिवानदन करते हुए मधुपूर रवाना हुए.
इसे भी पढ़ेंः बांग्लादेश एयरलाइन का विमान हाइजैक, सुरक्षाबलों ने विमान को चारो ओर से घेरा




