
New Delhi: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि देश में कोविड-19 के मामले गुरुवार को बढ़कर 21,393 हो गये और मरने वालों की संख्या 681 हो गयी.
उसने बताया कि देश में अब 16,454 लोगों का इलाज चल रहा है. वहीं 4,257 लोगों को ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गयी और एक अपने देश लौट गया. जबकि देश के कुल कोरोना मामलों में 77 विदेशी नागरिक हैं.
इसे भी पढ़ें- Covid-19: इंदौर में 53 की मौत के बाद महामारी संबंधी सर्वेक्षण तेज, राजस्थान में 47 नये केस
सबसे अधिक मौतें महाराष्ट्र से
मंत्रालय ने बताया कि बुधवार शाम से वायरस से संक्रमित 29 लोगों की जान गयी, जिसमें से 18 महाराष्ट्र, आठ गुजरात, दो राजस्थान और दिल्ली का एक मामला है.
इन मारे गए 681 लोगों में से अब तक सबसे अधिक 269 मौतें महाराष्ट्र में हुई है. इसके बाद, गुजरात में 103 मध्य प्रदेश में 83, दिल्ली में 48, राजस्थान में 27, आंध्र प्रदेश में 24 और तेलंगाना में 23 लोगों की मौत हुई है. उत्तर प्रदेश में मृतक संख्या 21 और तमिलनाडु में 18 , कर्नाटक में 17, पंजाब में 16 और पश्चिम बंगाल में 15 है.
बीमारी के चलते जम्मू-कश्मीर में पांच जबकि केरल, झारखंड और हरियाणा में तीन-तीन मौत हुई है. बिहार में दो जबकि मेघालय, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और असम में एक-एक मौत हुई है.
इसे भी पढ़ें- दो पालियों में हुई कॉपियों की जांच तो जून के पहले सप्ताह में इंटर-मैट्रिक के रिजल्ट जारी होने की उम्मीद
कहां से कितने मामले
आंकड़ों के अनुसार देश में सर्वाधिक 5,652 मामले महाराष्ट्र से सामने आये हैं. इसके बाद गुजरात से 2,407, दिल्ली से 2,248, राजस्थान में 1,890, तमिलनाडु में 1,629 और मध्य प्रदेश में 1,592 मामले सामने आये हैं.
उत्तर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 1,449, तेलंगाना में 945 और आंध्र प्रदेश में 813 है. पश्चिम बंगाल में भी संक्रमितों की संख्या बढ़कर 456, केरल में 438, कर्नाटक में 427, जम्मू-कश्मीर में 407, हरियाणा में 262 और पंजाब में 251 हो गयी है. बिहार में कोरोना वायरस संक्रमण के 143 जबकि ओडिशा में 83 मामले हैं.
झारखंड में 49 और उत्तराखंड में 46 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है. हिमाचल प्रदेश में 40, छत्तीसगढ़ में 36 जबकि असम में 35 मामले हैं. केंद्र शासित प्रदेशों में चंडीगढ़ में कोविड-19 के 27, लद्दाख तथा अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह से 18 मामले हैं. मेघालय में 12 जबकि गोवा और पुडुचेरी से कोविड-19 के सात-सात मामले सामने आए हैं.
वहीं मणिपुर और त्रिपुरा में दो-दो लोग जबकि मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में एक-एक व्यक्ति संक्रमण की चपेट में है. मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर कहा कि हमारे आंकड़े आइसीएमआर के साथ मिलान कर सामने रखे गये हैं.
इसे भी पढ़ें- तबलीगी जमात इस देश के मुसलमान की पहचान नहीं है




