
Dhanbad : चौथे संघर्ष यात्रा के पांचवे दिन धनबाद पहुंचे जेएमएम कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने मोदी सरकार को उनके ही लाये बजट से घेरा. उन्होंने कहा कि बजट में 5 लाख रुपये तक की आयकर छूट भाजपा का एक जुमला है. यह ठीक उसी तरह का है, जैसा 5 साल पहले पीएम मोदी ने कहा था कि प्रत्येक जनता के बैंक खाते में 15-15 लाख रुपये मिलेंगे. उन्होंने कहा कि इस चुनावी मौसम को देख कम से कम 15 लाख की जगह मोदी सरकार अब 5 लाख रुपये तक के जुमले को स्वीकार करने लगी है. कहा कि राज्य का सतत विकास केवल समावेशी विकास से ही संभव है. जो कि 2019 में बनने जा रही जेएमएम की सरकार में ही संभव है.
कोयला उत्खन्न के नाम पर जमीन का कब्जा लगातार है जारी
धनबाद में विस्थापितों की समस्या पर हेमंत सोरेन ने कहा कि कार्य पूर्ण हुए खनन क्षेत्र की जमीन को खनन कंपनियों से वापस लेकर विस्थापितों को लौटाने का काम उनकी सरकार ने शुरू किया था. लेकिन जैसे ही रघुवर दास की सरकार सत्ता में आयी, तो उन्होंने इस पर रोक लगा दी. लेकिन आज भी धनबाद क्षेत्र में कोयला उत्खन्न के नाम पर जमीन का कब्जा लगातार जारी है. हेमंत सोरेन ने कहा कि जिले में माफिया राज का वर्चस्व काफी बढ़ गया है. व्यवसायी वर्ग काफी दहशत में हैं. धनबाद पूरी तरह से कोयला चोरी का गढ़ बन गया है. अवैध तरीके से कोयला खनन करवाये जाने की वजह से आये दिन यहां लोग दबकर मर रहे हैं. इसकी बावजूद विस्थापितों की समस्याओं का न तो अंत हो पाया है, न ही इन्हें न्याय मिला पाया है. उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार बनती है, जो इन विस्थापितों के हितों में एक सकारात्मक कदम उठाया जायेगा.
चार में तीन लोग है बीमारी की चपेट में
हेमंत सोरेन ने कहा कि इन क्षेत्रों में प्रदूषण की समस्या इतनी गंभीर है कि हर चार में तीन लोग यहां किसी न किसी बीमारी की चपेट में हैं. प्रदूषण की समस्या पर उन्होंने उद्योगपतियों से अपील कर कहा कि वे नियमों का सही ढंग से पालन करें, क्योकि प्रदूषण के जद में उनके साथ उनके परिवार के भी सदस्य आयेंगे.




