
Sahibganj: साहिबगंज में गंगा में पुल निर्माण करने वाली कंपनी के जहाज के असंतुलित होने से एक ट्रक गंगा में समा गया. उक्त ट्रक का ड्राइवर भी लापता है. साहिबगंज मनिहारी के बीच गंगा पुल का निर्माण डीबीएल कंपनी कर रही है. साहिबगंज गरम घाट पर कंपनी का जहाज असंतुलित हो गया. तब जहाज पर चार ट्रक लदे थे. असंतुलित होने से एक ट्रक गंगा में समा गया जबकि तीन ट्रक जहाज पर ही पलट गया.
डीबीएल कंपनी के मैनेजर भानु प्रताप सिंह ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि साहिबगंज से जहाज पर ट्रक चढ़ाया जा रहा था इसी क्रम में तीन ट्रक चढ़ने के बाद चौथे ट्रक का टायर फट गया जिससे जोरदार धमाका हुआ और जहाज असंतुलित हो गया. जिससे सभी ट्रक एक दूसरे पर पलटी मारी और एक ट्रक गंगा में समा गया. ट्रक पर ड्राइवर समसुद्दीन सवार थे. उनका पता नहीं चल रहा है. कंपनी लापता कर्मी को ढूंढने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर रही है. पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुटी हैं. हालांकि, फौरी तौर पर माना जा रहा है कि कुहासे की वजह से मौके पर पर्याप्त रोशनी नहीं थी.




