JharkhandNEWSRanchiTOP SLIDER

दूसरी जाति के लड़के से प्रेम करने पर परिजनों ने लड़की का सिर मूड़ा, चूना का टीका लगाया

Lohardaga: लोहरदगा कुडू थाना क्षेत्र के सलगी पंचायत में दूसरी जाति के लड़के से प्रेम करने पर लड़की के बाल मुड़ने, चूना का टीका लगाने और जूते की माला पहनाने का मामला चर्चा में है. हालांकि इस मामले में थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन लड़की के परिजनों ने ही उसके साथ ऐसा सलूक किया है. अब कानूनी कार्रवाई के डर से मामले को अलग रंग देने की कोशिश हो रही है. इस बीच लड़की को परिजनों ने कहीं छिपा दिया है. थाना प्रभारी अभिनव कुमार का कहना है कि लड़की के बाल मूडने की बात सामने आई है. मगर गांव में घुमाने की बात गलत है। लड़की 18 साल की बालिग है. घर पहुंचकर पुलिस ने लड़की और परिवार वालों से बात की है. उन्होंने कहा कि बचपन में मुंडन नहीं हुआ था. इसलिए मुंडन किया गया.

 

इधर सूत्रों का कहना है कि दूसरी जाति के लड़के से प्रेम करने के कारण लड़की के बाल मूड़े गए हैं. कुछ ग्रामीण व लड़की के कथित प्रेमी ने बताया कि चार-पांच वर्षो से दोनों का प्रेम संबंध है. दोनों अगल-बगल गांव के रहने वाले हैं. पहले भी लड़की प्रेमी के घर में रह चुकी है. जानकारी मिलने पर लड़की को उसके परिजन जबरन अपने घर ले गए थे. सामाजिक पंचायत की बैठक कर उसे जबरन घर वापस लाया गया.

 

नाम नहीं छापने की शर्त पर कुछ ग्रामीणों ने बताया लड़की की जम कर पिटाई की गयी है और जब लड़की प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही तो उसके बाल मूड दिए गए. चूना का टीका लगा जूते-चप्पल का माला पहनाया गया. लड़की पूरी तरह से भयभीत है. उसे काफी डराया-धमकाया गया है. उसे छिपाकर रखा गया है. लोगों के सामने नहीं आने दिया जा रहा है. बताया जाता है कि लड़की अपने प्रेमी के घर में थी तभी 17 अक्तूबर को उसके माता-पिता गांव के लोगों के साथ पहुंचे और दोनों को अलग कर दिया. वहीं से उसे पीटते हुए घर लेकर आए.

 

इधर, लड़की के पिता का कहना है कि हमलोग 40-45 लोग लड़की को वापस लाने गए थे. गांव के कुछ लड़कों ने उनके साथ थे उन्होंने ही ऐसा काम किया है. सामाजिक रीति रिवाज के साथ लड़की का विवाह करेंगे. हालांकि इस प्रकार का दंड नहीं देना चाहिए था लड़का लोग ने ऐसा कर दिया. उन्हें ऐसा नहीं करना था. हम सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार लड़की का विवाह करेंगे. परिजनों की इस मामले में विरोधाभासी बातें इशारा कर रही हैं कि लड़की के साथ ज्यादती हुई है. बहरहाल कोई शिकायत दर्ज नहीं होने के कारण पुलिस इसपर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है.

Related Articles

Back to top button