JharkhandLead NewsNEWSRanchiTOP SLIDER

12th Junior National Womens Hockey Championship: मणिपुर को हरा कर क्वार्टर फाइनल में पहुंची झारखंड की टीम

Ranchi: आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में 25 मार्च से 3 अप्रैल तक आयोजित 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2022 में हॉकी झारखंड की टीम ने आज शानदार खेल दिखाया. अपने दूसरे मैच में मणिपुर को 14-0 गोल के बड़े अंतर से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. झारखंड टीम की ओर से पहला गोल 9वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर से दीपिका सोरेंग ने किया. इसके बाद झारखंड टीम ने लगातार 13 फील्ड गोल कर 14-0 से जीत दर्ज की. पहले क्वार्टर में झारखंड टीम ने 2 गोल, दूसरे में 4 गोल, तीसरे में 5 गोल और चौथे क्वार्टर में 3 गोल किए.

 

इन खिलाड़ियों ने किये गोल

हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने बताया कि झारखंड टीम की ओर से दीपिका सोरेंग ने 9वें, 14वें, 24वें और 46वें मिनट में कुल चार गोल किये. इसके अलावा निक्की ने 18वें, 20वें और प्रमोदनी लकड़ा ने 35वें और 37वें मिनट में दो-दो गोल किये. एलिन डुंगडुंग ने 58वें मिनट, रजनी केरकेट्टा ने 21वें, एली तिर्की ने 40वें, अंजली केरकेट्टा ने 42वें, मोनिका नाग ने 45वें एवं कप्तान दीप्ति कुल्लू ने 49वें मिनट में एक-एक गोल किए. झारखंड टीम में जो खिलाड़ी शामिल हैं- रश्मि होरो, रोपनी कुमारी, काजल बाड़ा, अंकिता डुंगडुंग, दीप्ति कुल्लू, किरण बड़ा, महिमा टेटे, दीपिका सोरेंग, रजनी केरकेट्टा, प्रमोदनी लकड़ा, निक्की कुल्लू, एलिन डुंगडुंग, एली तिर्की, प्रियंका गुड़िया,  मोनिका नाग, पिंकी लकड़ा, अंजली केरकेट्टा, सलोमी कंडुलना. कोचिंग की जिम्मेदारी तारिणी कुमारी की है और मैनेजर करुणा पूर्ति हैं. झारखंड टीम की जीत पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह सहित हॉकी झारखंड के समस्त पदाधिकारियों ने बधाई दी है. साथ ही अगले मैच के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं. हॉकी झारखंड की टीम 31 मार्च को क्वार्टर फाइनल मैच खेलेगी.

Related Articles

Back to top button