JharkhandLead NewsNEWSRanchiTOP SLIDER

कल नहीं, सोमवार से शुरू हो सकती हैं 10वीं व 12वीं की कक्षाएं

आपदा प्रबंधन प्राधिकार का निर्णय, शाम तक जारी हो सकता है आदेश

Ranchi : कोरोना संक्रमण में कमी को देखते हुए 10वीं से लेकर 12वीं तक की क्लासेज सोमवार से शुरू हो सकती हैं. राज्य सरकार ने स्कूलों को चरणबद्ध तरीके से खोलने का निर्णय लिया है. ऊपरी कक्षाएं चलाने को लेकर आज शाम तक आधिकारिक आदेश जारी किया जा सकता है.

जेईपीसी के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आपदा विभाग से गाइडलाइन मिलने का इंतजार किया जा रहा है. इसके बाद संभवतः सोमवार से 10वीं से 12वीं तक कक्षाओं के लिए स्कूल खोले जा सकते हैं. सरकारी के साथ-साथ निजी सीबीएसई और आईसीएसई स्कूलों में भी ऊपरी कक्षाओं को खोलने की हरी झंडी दे दी जायेगी.

बता दें कि राज्य में करीब 2200 सरकारी स्कूल हैं, जहां चार लाख से ज्यादा छात्र पढ़ते हैं. इसके अलावा निजी स्कूल की संख्या 726 है, जहां से मैट्रिक और इंटर के बच्चे झारखंड बोर्ड से परीक्षा देते हैं.

बताया जा रहा है कि 9वीं से नीचे की कक्षाओं के लिए ऑनलाइन पढ़ाई भी जारी रहेगी. इसके साथ ही मेडिकल, डेंटल और नर्सिंग संस्थानों में पढ़ाई भी शुरू होगी. राज्य के सभी सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों को भी खोला जा सकता है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अगुवाई में हुई आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक में यह फैसला लिया गया है. स्कूल व अन्य शिक्षण संस्थानों को खोलने को लेकर आज आदेश जारी होने की उम्मीद है.

शादी समारोह में शामिल हो सकते हैं 300 लोग

इसके साथ ही लॉकडाउन के दौरान बरती गई सख्ती में भी कई तरह की छूट दी गई है. शादी समारोह में अब 300 लोग शामिल हो सकते हैं। इसी तरह मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों में 200 लोगों के प्रवेश की अनुमति दी गई है. हालांकि, कोरोना से बचाव के मद्देनजर नियम व शर्तें भी लागू रहेंगी. सरकार की ओर से आज जारी होने वाले आदेश में इसका जिक्र हो सकता है.

पार्क व सिनेमा हॉल खोलने पर फैसला नहीं

फिलहार स्वीमिंग पुल, पार्क व सिनेमा हॉल को बंद रखने का फैसला बरकरार रखा गया है. इसके साथ कोचिंग संस्थानों को खोलने पर भी कोई निर्णय नहीं लिया गया है.

Related Articles

Back to top button