
- 14 से 20 जनवरी के बीच चंदनकियारी, गुमला, देवघर, पलामू और हजारीबाग में आयोजित होंगी रैलियां
- आरपीएन सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अजय कुमार के नेतृत्व पर जताया भरोसा
- न्यूज विंग संवाददाता के सवालों का जवाब देने बचते दिखे आरपीएन सिंह
Ranchi : कोलेबिरा उपचुनाव में मिली जीत से उत्साहित कांग्रेस पार्टी अब राज्य के पांचों प्रमंडल में बड़ी रैलियां आयोजित करेगी. ये रैलियां 14 जनवरी से 20 जनवरी के बीच आयोजित की जायेंगी. गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के राज्य प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि रैलियों के दौरान पार्टी कार्यकर्ता रघुवर सरकार के चार सालों की असफलताओं एवं प्रमुख मुद्दों को जनता के समक्ष ले जायेंगे. साथ ही, राज्य सरकार को जनता के कटघरे में लाया जायेगा. इन मुद्दों में मॉब लिचिंग, पारा शिक्षक पर नृशंसतापूर्ण कार्रवाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दे प्रमुख हैं.
राज्य में 2014 वाली कांग्रेस पार्टी नहीं रही
कोलेबिरा उपचुनाव में जीत को पार्टी की जीत बताते हुए आरपीएन सिंह ने कहा कि जिस तरह से पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कोलेबिरा में काम किया, वह हर राजनीतिक दल के लिए एक कुशल टीम वर्क का उदाहरण बन गया है. डॉ अजय कुमार की नेतृत्व क्षमता और विधायक दल के नेता आलमगीर आलम के निर्देशन में जिस तरह की जीत पार्टी ने कोलेबिरा में हासिल की, वह काफी प्रशंसनीय है. इस जीत से जिस तरह का उत्साह पार्टी कार्यकर्ताओं में हुआ है, उससे तमाम लोगों को यह समझना होगा कि राज्य में अब 2014 की कांग्रेस पार्टी नहीं रह गयी है. पिछले चार सालों में जिस तरह पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्य में काम किया है, उससे आगामी चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित है.
पांचों प्रमंडलों में होंगी रैलियां
आगामी लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी प्रभारी आरपीएन सिंह ने राज्य के पांचों प्रमडंलों में बड़ी रैलियां करने की घोषणा की. ये रैलियां मकर संक्रांति (14 जनवरी) से 20 जनवरी के बीच आयोजित होंगी. पांच प्रमंडलों में ये रैलियां बोकारो-धनबाद डिवीजन में पड़नेवाले चंदनकियारी, गुमला, देवघर, पलामू और हजारीबाग में आयोजित की जायेंगी.
इन मुद्दों पर रघुवर सरकार को घेरेगी कांग्रेस
आरपीएन सिंह ने बताया कि ये रैलियां रघुवर सरकार के खिलाफ उन मुद्दों पर आयोजित होंगी, जिनसे गरीब जनता को नुकसान पहुंचा है. इन मुद्दों में पारा शिक्षक, आदिवासी की जमीन का अधिग्रहण, राज्य में भूख से हुई मौतों, मॉब लिचिंग, बेरोजगारी, जीएसटी और नोटबंदी और भ्रष्टाचार की बातें शामिल हैं. उन्होंने बताया कि रैलियों में इन्हीं मुद्दों पर पार्टी राज्य सरकार से सवाल पूछेगी.
न्यूज विंग के सवालों का जवाब देने से बचते दिखे आरपीएन सिंह
प्रेस वार्ता के दौरान आरपीएन सिंह न्यूज विंग संवाददाता के सवालों का जवाब देने से बचते दिखे. उन्होंने इन सवालों का कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. जब उनसे न्यूज विंग ने पूछा- उत्तर प्रदेश में महागठबंधन की संभावनाओं को खारिज करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि यूपी में गैर कांग्रेसी गठबंधन बनेगा. यहां तक कि इस मुद्दे पर अखिलेश यादव तेलंगाना के मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और विभिन्न राज्यों में छोटे दलों के गठबंधन को मजबूत करेंगे. इस पर आपका क्या कहना है? इस सवाल के जवाब में आरपीएन सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देशनुसार कांग्रेस पार्टी उन्हीं दलों को महागठबंधन में शामिल होने का न्योता देगी, जिनकी विचारधारा पार्टी से मिलती है. उन दलों से विचारधारा पर ही समझौते की बात की जायेगी. यूपीए विचारों से असहमति रखनेवाले दलों पर अफसोस जताते हुए उन्होंने कहा कि एनडीए जैसे दलों के खिलाफ महागठबंधन बनाने के लिए पार्टी का प्रयास जारी रहेगा.
न्यूज विंग संवाददाता ने जब आरपीएन सिंह से पूछा- कोलेबिरा उपचुनाव में पार्टी ने जिस तरह जमीन स्तर के आदिवासी नेता को विधायक बनाया है, क्या उससे यह माना जा सकता है कि भविष्य में विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी को पार्टी अपना आदिवासी चेहरा बना सकती है? इस सवाल का भी जवाब देने से आरपीएन सिंह ने पूरी तरह बचते दिखे. उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर सामान्य लोगों को मौका मिलता रहा है. जहां तक विधायक बनने की बात है, तो नमन विक्सल कोंगाड़ी ने वहां बहुत मेहनत की थी. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी मुलाकात के दौरान नमन विक्सल कोंगाड़ी को कोलेबिरा की जनता के कल्याण के लिए काम करने का निर्देश दिया है.
इसे भी पढ़ें-कैग की रिपोर्ट से साबित होता है कंबल घोटाला, पर सरकार जांच के नाम पर कर रही लीपापोती, साल बीत गया,…
इसे भी पढ़ें- रघुवर सरकार कल पूरा करेगी चार वर्षों का सफर, पूरे शहर में लगे बैनर-पोस्टर




