Uncategorized

हताश दिल्लीवासियों ने की एटीएम ‘पूजा’

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के निवासियों ने बैंकों और एटीएम के बाहर ‘नो कैश’ के संदेश से हताश होकर रविवार को एटीएम ‘पूजा’ शुरू की। इसमें एटीएम से नकदी के लिए प्रार्थना की गई। इस खास पूजा का आयोजन पूर्वी दिल्ली के जगतपुरी इलाके में किया गया, जिसमें 50 से ज्यादा स्थानीय लोग भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एटीएम पर जमा हुए और उन्होंने नकदी वितरण मशीन की पूजा की।

इलाके के एक निवासी भोला ने आईएएनएस से कहा, “एसबीआई के एटीएम से नोटबंदी के बाद से ही नकदी नहीं मिल रही हैं, इसलिए हमने यह पूजा की ताकि हमें कुछ नकदी मिल सके।”

एक 30 वर्षीय व्यक्ति ने कहा, “सरकार द्वारा नोटबंदी किए जाने के बाद से हमने जगतपुरी इलाके में लोगों की समस्याओं को उजागर करने के लिए ऐसा किया।”

पुनीत तिवारी ने आईएएनएस से कहा, “इससे पहले हम बुजुर्गो और जोड़ों को सुबह और शाम टहलने जाते हुए देखते थे, लेकिन आजकल जोड़े अपने वाहनों से सड़कों पर एटीएम तलाश करते दिखाई देते हैं।”

सरकार ने आठ नवंबर को कालेधन और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए 500 और 1,000 रुपये के नोट बंद कर दिए।

लोग बैंकों की शाखाओं और एटीएम व डाकघरों पर नकदी निकालने के लिए कतार लगा रहे हैं। तीन हफ्तों से ज्यादा समय के बाद भी नकदी की कमी बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button