
Ranchi : भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज, देहरादून संचालित किया जाता है. 1922 में स्थापित इस कॉलेज का उद्देश्य सेना के तीनों अंगों में छात्रों को तैयार कर नेशनल डिफेंस एकेडमी, पुणे में ट्रेनिंग के लिए भेजना है.
राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज, देहरादून में देशभर से विद्यार्थियों का चयन कर नामांकन लिया जाता है. शैक्षणिक सत्र जनवरी 2021 में नामांकन के लिए एडमिशन टेस्ट लिया जायेगा. इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गयी है.
इसे भी पढ़ें – आर्थिक मंदी के बेहद नजदीक है देश, मांग बढ़ाने पर देना होगा जोर- अभिजीत बनर्जी
लिखित परीक्षा के बाद होगा चयन
गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग झारखंड सरकार के सहयोग से राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज, देहरादून के क्लास 8 में नामांकन के लिए 1 और 2 जून को एडमिशन टेस्ट लिया जायेगा. यह टेस्ट जिला स्कूल रांची में लिया जायेगा.
इस लिखित परीक्षा में सैन्य कर्मी, पारा मिलिट्री, केंद्र सरकार में कार्यरत कर्मचारियों के अलावा केवल झारखंड राज्य के स्थानीय निवासी के बच्चे ही पात्र होंगे.
इसे भी पढ़ें – SBI क्लर्क की निकली वैकेंसी, 8134 पदों के लिए 26 जनवरी तक करें आवेदन
सिर्फ लड़के ही कर सकते हैं आवेदन
राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज, देहरादून की क्लास 8 में नामांकन के लिए केवल लड़के ही पात्र होंगे. इस संस्थान में एडमिशन लेने वाले छात्र की न्यूनतम उम्र साढ़े 11 और अधिकतम उम्र 13 से अधिक नहीं होनी चाहिए. किसी भी मान्यता प्राप्त स्कूल में 7 वीं क्लास में पढ़ने वाला छात्र आवेदन कर सकता है.
1 जून को अंग्रेजी और गणित की लिखित परीक्षा ली जायेगी. वहीं 2 जून को सामान्य ज्ञान की परीक्षा ली जायेगी. इसमें सफल उम्मीदवारों का 6 अक्टूबर को मौखिक परीक्षा ली जाएगी. इसमें बौद्धिक ज्ञान और पर्सनालिटी टेस्ट होगा.
लिखित परीक्षा में पास छात्रों का होगा इंटरव्यू
जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, इंटरव्यू केवल उन्हीं उम्मीदवारों का होगा, जो लिखित परीक्षा पास करेंगे. लिखित परीक्षा और इंटरव्यू पास करने के लिए कम से कम 50 फीसदी अंक लाने होंगे. साक्षात्कार कब होंगे, इसकी जानकारी सितंबर 2020 के पहले दे दी जायेगी.
जिला स्कूल में होने वाले इस परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन पत्र भरना होगा. राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज, देहरादून की वेबसाइट पर जाकर सामान्य श्रेणी के उम्मीदवार 600 रुपये ऑनलाइन पेमेंट करेंगे.
वहीं आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को 555 रुपये देने होंगे. इसके बाद उम्मीदवार की ओर से दिये गये पते पर स्पीड पोस्ट के माध्यम से एप्लीकेशन फॉर्म, प्रोसपेक्टस व पुराने क्वेश्चन पेपर का एक सेट भेजा जायेगा.
इसके अलावा कमांडेंट, राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज, देहरादून स्टेट बैंक ऑफ इंडिया तेल भवन देहरादून बैंक कोड 01576 के नाम डिमांड ड्राफ्ट भेजकर भी एप्लकेशन फॉर्म प्राप्त किये जा सकते हैं.
उम्मीदवारों को भरे हुए आवेदन पत्र के साथ ही तीन पासपोर्ट साइज फोटो, जाति प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाणपत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र, वर्तमान क्लास में पढ़ने का संबंधित स्कूल के हेडमास्टर से प्राप्त सर्टिफिकेट को 31 मार्च 2020 या उससे पहले सरकार के संयुक्त सचिव सह परीक्षा संचालन पदाधिकारी, गृह कारा व आपदा प्रबंधन विभाग झारखंड रांची के पते पर भेजना होगा.
इसे भी पढ़ें – चतरा: गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के बिना आदेश काम करने पर अपराधियों ने फूंके वाहन, दी धमकी




