Uncategorized

सोनिया-मनमोहन ने टीम अन्‍ना पर किया पलटवार, साजिशकर्ता करार दिया

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ अफवाहें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है। राजधानी में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। इसके अलावा उन्होंने कडे शब्दों में अपने विरोधियों पर भी वार किया। टीम अन्ना और रामदेव का नाम नहीं लेते हुए उन्होंने उन पर भी निशाना साधा। मनमोहन ने उन्हें ‘हताश लोग’ बताते हुए कहा वे अफवाह फैलाने में लगे हैं।

उन्होंने कहा कि इन अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटने की जरूरत है। ये लोग कालेधन के आंकडों को बढा-चढा कर बताने में जुटे हुए हैं, जबकि इन आकडों में कोई सच्चाई नहीं है।

इससे पहले कार्यसमिति की बैठक में पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का बचाव करते हुए बेहद तल्ख शब्दों में विपक्ष पर साजिश का आरोप लगाया। उन्हौंने इशारों-इशारों में टीम अन्ना और बाबा रामदेव पर भी इस साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया।

सोनिया गांधी के मुताबिक विपक्ष और कांग्रेस विरोधी एक साजिश के तहत प्रधानमंत्री, यूपीए सरकार, संगठन और सहयोगियों पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और पार्टी के स्तर पर इसका डटकर मुकाबला करना होगा। सोनिया ने कहा कि जिस तरीके से आजकल एक साजिश के तहत विपक्षी दल और कुछ कांग्रेस विरोधी तत्व प्रधानमंत्री, यूपीए सरकार, संगठन और हमारे अन्य साथियों पर मनमाने ढंग से बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं, वह बहुत अफसोस की बात है। इसका हमें पार्टी-सरकार के स्तर पर डटकर मुकाबला करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button