Uncategorized

एकसाथ अनशन पर बैठे अन्‍ना-रामदेव ने कहा, अगस्‍त तक आंदोलन विकराल रूप ले लेगा

नई दिल्‍ली: बाबा रामदेव और अन्ना हजारे ने काला धन और भ्रष्टाचार के खिलाफ दिल्ली के संसद मार्ग पर रविवार सुबह लगभग 10.15 बजे अपना एकदिवसीय अनशन शुरू कर दिया। दिल्ली के संसद मार्ग पर इस अनशन का आयोजन रामदेव द्वारा पिछले वर्ष रामलीला मैदान में किए गए अनशन के एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में किया गया है। अनशन शाम छह बजे तक चलेगा। रामदेव को पिछले वर्ष तीन और चार जून के बीच आधी रात को रामलीला मैदान से गिरफ्तार कर लिया गया था।

रामदेव और अन्ना ने अनशन शुरू करने से पहले राजघाट जाकर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस बीच संसद मार्ग पर अन्ना और रामदेव के समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई।

रामदेव ने राजघाट के लिए प्रस्थान करने से पहले संवाददाताओं से कहा कि यह तो शुरुआत है, आंदोलन और तेज होगा और अगस्त तक यह बहुत बड़ा रूप ले लेगा। रामदेव ने कहा कि देश के करोड़ों लोग हमारे साथ होंगे।

सरकार को काले धन के खिलाफ कड़े कदम उठाने होंगे, जैसा कि हमने मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न राज्यों में भी धरने का आयोजन किया जा रहा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्होंने व्यापक बंदोबस्त किए हैं। दिल्ली पुलिस के जवानों के अलावा अर्धसैनिक बलों की 20 कम्पनियां तैनात की गई हैं। भीड़ को सम्भालने के लिए सीसीटीवी कैमरें भी लगाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button