National

जमानत पर छूटे दुष्कर्म के आरोपी से परेशान होकर नाबालिग ने की खुदकुशी

Mumbai: महाराष्ट्र में एक नाबालिग ने जमानत पर छूटे दुष्कर्म के आरोपी से परेशान होकर खुदकुशी कर ली. ये घटना सतारा की है. दहीवड़ी पुलिस थाने में दर्ज FIR के मुताबिक तस्लीम मोहम्मद खान नाम के युवक ने साल भर पहले एक नाबालिग का अपहरण कर उसके साथ बलात्कार किया था. तब शिकायत मिलने पर सतारा शहर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी तस्लीम खान को गिरफ्तार कर लिया था. लेकिन अभी कुछ महीने पहले वो जमानत पर छूट कर आया और उसने नाबालिग को फोन कर परेशान करना शुरू कर दिया.

नाबालिग ने उसके नम्बर को ब्लॉक किया तो दूसरे नंबर से फोन कर धमकाने लगा. उसने नाबालिग के परिवार वालों को मारने की धमकी भी दी. जिससे घबराकर नाबालिग लड़की ने 24 अगस्त को खुदकुशी कर ली. अब दहीवड़ी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 107 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी तस्लीम खान को गिरफ्तार कर लिया है.

हाल ही में बदलापुर के एक स्कूल में दो बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी. स्कूल के सफाई कर्मचारी पर दुष्कर्म का आरोप है. यौन उत्पीड़न की घटना 12 और 13 अगस्त की है. स्कूल के शौचालय के सफाई कर्मचारी अक्षय शिंदे ने बच्चियों का यौन उत्पीड़न किया. घटना के सामने आने के बाद ठाणे में भारी विरोध प्रदर्शन हुआ. बदलापुर के लोग न्याय के लिए सड़कों पर उतरते नजर आए. पूरे प्रदेश से मांग हो रही है कि आरोपियों को कड़ी सजा दी जाए. इस मामले में जांच समिति ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप दी है.

 

Related Articles

Back to top button