नई दिल्ली: शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ की माने तो कांग्रेस पार्टी गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी को बदनाम करने के खातिर एक फर्जी सेक्स सीडी तैयार कर रही है. ‘सामना’ के मुताबिक इस सेक्स सीडी के जरिए कांग्रेस का मकसद नरेंद्र मोदी के खिलाफ विरोधी माहौल पैदा करना है.
‘सामना’ ने दावा किया है कि इस काम के लिए तमिल फिल्म की एक हिरोइन और एनडीए से जुड़ी एक पंजाबी महिला की मदद ली जा रही है. गौरतलब है कि गुजरात में इसी साल नवंबर में विधानसभा चुनाव हैं.
सूत्र से मिली जानकारी के अनुसार गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को परास्त करने के लिए कांग्रेस ने एक ‘सेक्रेट टास्क फोर्स’ का गठन किया है जिस पर मोदी की छवि को धूमिल करने का जिम्मा सौंपा गया है. इस टीम में कंप्यूटर व डिजिटल तकनीक के विशेषज्ञ शामिल हैं.
यह टीम मोदी को एक फर्जी सेक्स सीडी को बनाने के मिशन पर लगी है ताकि ऐन चुनावों के पूर्व इस सीडी को सार्वजनिक कर मोदी की सारी इज्जत मिट्टी में मिला दी जाए. मोदी की इस सीडी के आने के बाद जाहिर है गुजरात में मोदी विरोधी लहर उठेगी जिसका फायदा कांग्रेस को होगा.
सामना ने यह भी लिखा है कि टास्क फोर्स और कुछ टीवी चैनलों के बीच इस सेक्स सीडी के बारे में सौदेबाजी चल रही है.




