
New Delhi: भारत-चीन के बीच जारी सीमा विवाद के मद्देनजर दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय सैन्य वार्ता आज होनी है. लद्दाख कोर कमांडर और चीनी दक्षिण शिनजियांग सैन्य जिला कमांडर के चुशुल में करीब 1.30 बजे बैठक होगी. बैठक में पूर्वी लद्दाख में टकराव वाले शेष बिंदुओं से सैनिकों की वापसी प्रक्रिया में कुछ आगे बढ़ने पर ध्यान दिया जाएगा. सरकारी सूत्रों की मानें तो पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास गतिरोध के बाकी स्थानों से सैनिकों को पीछे हटाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर बातचीत संभावित है.
मालूम हो कि हाल में शुरू हुए सीमा विवाद के बाद दोनों देशों के बीच 12वें दौर की वार्ता हो चुकी है. 31 जुलाई को अंतिम वार्ता हुई थी. वार्ता के कुछ दिनों बाद दोनों सेनाओं ने गोगरा में सैनिकों की वापसी की प्रक्रिया पूरी की, जिसे इस क्षेत्र में शांति की बहाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा गया. चीनी सैनिकों द्वारा घुसपैठ की कोशिश की दो हालिया घटनाओं की पृष्ठभूमि में 13वें दौर की वार्ता को अहम माना जा रहा है. घुसपैठ की ये दो घटनाएं उत्तराखंड के बाराहोती सेक्टर में और दूसरी अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में हुई थी.




