
Khunti: खूंटी थानांतर्गत सारिदकेल गांव के रिदाडीह टोला निवासी रूसू मुंडा के 22 वर्षीय पुत्र बसंत मुंडा की सड़ी-गली लाश बुधवार को मारंगहादा थानांतर्गत कच्चा भूत गांव के देवीगुड़ी नामक स्थान के समीप एक झाड़ी से बरामद हुई. शव की शिनाख्त बसंत के पिता रूसू मुंडा ने उसके कपड़े से की.
रूसू मुंडा ने बताया कि उसका पुत्र बसंत मुंडा 20 जुलाई की शाम से घर से लापता था. तब से उसकी खोजबीन की जा रही थी.
इसे भी पढ़ें :फर्जी आइएएस मोनिका की मदद करने वाले विधानसभा के आप्त सचिव पंकज कुमार सस्पेंड
बुधवार सुबह मारंगहादा मुखिया से सूचना मिली कि कच्चा भूत गांव स्थित देवीगुड़ी के पास झाड़ी में एक युवक का शव पड़ा हुआ है. इस सूचना पर वह वहां पहुंचा, सड़ी गली अवस्था में बसंत मुंडा के शव की शिनाख्त की.
उसने बताया कि बसंत मुंडा लापता होने से पूर्व हाफ जींस पैंट व लाल शर्ट पहना था. इस संबंध में रूसू मुंडा के बयान पर मारंगहादा थाने में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध हत्या का एक मामला दर्ज किया गया.
रूसू ने आशंका व्यक्त की है कि पुरानी दुश्मनी के कारण किसी ने बसंत की हत्या कर शव को छिपाने की नीयत से झाड़ी में फेंक दिया था. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के उपरांत स्वजनों को सौंप दिया.
इसे भी पढ़ें :महंगाई पर कांग्रेस का आंदोलन महज तमाशा, पेट्रोल पर वैट कम करके दे राहत: भाजपा




