Uncategorized

कांग्रेस ने जमीन से आसमान तक घोटाला किया : शाह

इलाहाबाद : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अयक्ष अमित शाह ने मंगलवार को कांग्रेस, सपा और बसपा पर जमकर हमला बोला, और कहा कि कांग्रेस ने तो जमीन से लेकर आसमान तक घोटाला किया। उन्होंने दावा किया कि 2017 के चुनाव में उत्तर प्रदेश सपा तथा बसपा से मुक्त हो जाएगा और भाजपा यहां पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाएगी। शाह आज यहां जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर अंदावा मोड़ पर आयोजित सरदार पटेल किसान महासम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने हवा, जमीन, दरिया, पाताल हर कहीं घोटाला किया। कुल घोटालों की रकम 12 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है।” उन्होंने कांग्रेस के साथ राहुल गांधी का नाम लेकर उन्हें घोटालों और कांग्रेस सरकार के दौरान कुशासन के लिए जिम्मेदार ठहराया।

शाह ने कहा कि भाजपा ने दो साल में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दिया है। डॉ. मनमोहन सिंह का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि पहले के प्रधानमंत्री बोलते नहीं थे, और अब देश में जिन राज्यों में भाजपा सरकार है, वहां बेहतर व्यवस्था है, 10 मिनट के अंदर एंबुलेंस पहुंच जाती है।

उत्तर प्रदेश की सपा सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार की लापरवाही और उदासीनता के चलते यहां केंद्र की योजनाओं का लाभ जनता को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि 2017 के चुनाव में उत्तर प्रदेश से सपा और बसपा साफ हो जाएगी।

भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही यहां की स्थितियां बदल जाएंगी और पांच साल में यह देश का नंबर एक प्रदेश हो जाएगा।

इसके पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने शाह का स्वागत किया। मंच पर शाह के साथ सांसद श्यामा चरण गुप्त, सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त और राष्ट्रीय सचिव सिद्घार्थनाथ सिह, प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल मौजूद रहे। इस दौरान बहुजन समाज पार्टी के नेता और पूर्व विधायक प्रवीण सिह पटेल सहित कई नेता भाजपा में शामिल हो गए।

गौरतलब है कि 12 और 13 जून को इलाहाबाद में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होनी है। अंतिम दिन 13 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button