नई दिल्ली : महाराष्ट्र के पुलगांव में स्थित भारतीय सेना के सबसे बड़े हथियार डिपो में सोमवार देर रात लगी आग की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। एक शीर्ष सैन्य अधिकारी ने कहा कि इस हादसे में दो अधिकारियों सहित 16 लोगों की मौत हो गई। मिल्ट्री ऑपरेशन्स महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने कहा, “फिलहाल आग लगने की वजह का पता नहीं चला है। नुकसान का पता लगाने का काम जारी है। सेना ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।”
उन्होंने कहा कि इस आग में 16 लोग मारे गए, जिनमें तीन सैनिक व अग्निशमन ब्रिगेड स्टाफ के 13 कर्मचारी शामिल हैं।
सिंह ने कहा, “आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि आग बुझाने की हमारी कोशिशों के बावजूद दो अधिकारियों व 14 कर्मियों (सेना का एक जवान व अग्निशमन स्टाफ के 13 सदस्यों) की मौत हो गई और दो अधिकारी व 15 कर्मी (सेना के नौ जवान व अग्निशमन स्टाफ के छह कर्मी) घायल हो गए।”
उन्होंने कहा, “आखिरी रिपोर्टों के अनुसार, सभी घायलों की हालत स्थिर है।”
उन्होंने कहा कि सभी घायलों को वर्धा जिले के सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है और पुणे के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भी वहां पहुंच गई है।
सिंह ने कहा कि हथियार डिपो के एक टिन शेड में आग सोमवार देर रात करीब एक बजे लगी और इसके तुरंत बाद अग्निशमन इकाईयां व क्विक एक्शन टीमें हरकत में आ गईं और जीजान से आग बुझाने में जुट गईं।
पुलगांव स्थित हथियार डिपो 7,000 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में फैला हुआ है और भारतीय सेना के लिए अस्त्र-शस्त्र के संग्रह के लिहाज से एक अहम हथियार डिपो है।




