मेरा सौभाग्य है कि झारखंड राज्य ने मुझे दूसरी बार राज्य सभा में जाने का मौका दिया! मैं ‘झारखंड भारतीय जनता पार्टी’ के पदाधिकारियों एवं विधायकों का आभारी हूं कि उन्होंने मेरा साथ दिया और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मेरे नामांकन को समर्थन प्रदान किया। ‘आजसू’ पाटी के पदाधिकारियों और विधायकों के प्रति भी मैं आभार प्रकट करता हूं जिन्होंने मुझे अपना समर्थन दिया।
मुझे विश्वास है कि झारखंड से मुझे राज्य सभा के सदस्य के रूप में मेरी दूसरी पारी के दौरान भी वही प्यार और सहयोग प्राप्त होता रहेगा। झारखंड को बेहतर बनाने के लिए मेरे कुछ सपने हैं। मैं चाहता हूं कि युवा झारखंड एक ‘विशेष झारखंड’ बने और भारत के अन्य विकसित एवं समृद्ध राज्यों की पंक्ति में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त करे। मेरी यह कोशिश रहेगी कि आनेवाले दिनों में झारखंड को नया रूप देकर विकसित बनाने के संयुक्त प्रयासों में मैं अपना योगदान कर सकूं।
संक्षेप में, मैं राज्य के नेतृत्व एवं सभी लोगों के प्रति शुभकामना प्रकट करता हूं कि आप सबने मुझे स्वीकार किया और राज्य सभा में दुबारा पहुंचाया। मैं प्रिंट एवं इलेक्ट्रोनिक मीडिया का भी आभारी हूं कि उन्होंने मेरे कार्यों को समय समय पर सही परिप्रेक्ष्य में लोगों के समक्ष उजागर किया। इन सबकी वजह से मैं पूरे झारखंडी समाज से स्वीकृत हो सका। इति।
जोहार झारखंड!! जय हिन्द!!
परिमल नथवाणी
सांसद (राज्य सभा)




