
Ranchi : नामकुम थाना क्षेत्र के गिरजा कोचा में जबरन हथियार के बल पर युवती से शादी करने की कोशिश की गयी. जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया तो दिलीप सुरीन नाम के युवक को गोली मार दी गयी. घटना गुरुवार देर रात की है. हथियार के बल पर आर्यन कच्छप नाम का युवक शादी करने पहुंचा था.
क्या है मामला
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात आर्यन कच्छप नाम का युवक हथियार के बल पर युवती को अगवा कर शादी करने के इरादे से आया था. जबर्दस्ती किये जाने पर युवती ने शोर मचाया. हल्ला सुनकर आस पड़ोस के लोग घरों से बाहर आ गए और युवक का विरोध किया.
वहीं दिलीप सुरीन नाम के युवक ने किसी तरह से युवक को रोक लिया. यह देख आर्यन ने पिस्टल निकाली और दिलीप को गोली मार दी. गोली दिलीप के पेट में लगी. गोली लगने के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी युवक आर्यन भागने में सफल रहा. घायल दिलीप को रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. दिलीप एक कबाड़ी दुकान में काम करता है और गिरजा कोचा में किराए के घर में रहता है.
आरोपी युवक का बाइक जब्त
घटना के बाद आर्यन भागने में सफल रहा. लेकिन जाते-जाते उसने अपनी बाइक घटनास्थल पर ही छोड़ दी. जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है. घटना के बारे में बात करते हुए डीएसपी सदर रांची दीपक कुमार पांडे ने कहा कि नामकुम पुलिस अपराधी की तलाश में छापेमारी कर रही है. जल्द ही आरोपी पुलिस के कब्जे में होगा.




