
Bahragora: बरसोल थाना क्षेत्र के जयपुरा टुबली गांव के संदीप साव ने बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के कानीमहुली गांव निवासी तापस पैड़ा एवं सुप्रिया पैड़ा समेत 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ अपनी पत्नी लीजा पैड़ा का अपहरण करने और मारपीट करने का मामला दर्ज कराया है. प्राथमिकी में कहा गया है कि बरसोल थाना से जयपुरा चौक के बीच एनएच 49 पर उक्त लोगों ने मजमा बनाकर उनकी पत्नी लीजा पैड़ा का अपहरण कर लिया तथा उनके माता-पिता और चालक के साथ मारपीट कर जान से मारने की कोशिश की. उक्त आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन और ओरिजिनल डाक्यूमेंट्स छीन लिया और पत्नी को लेकर भाग गए.
क्या है मामला
घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार संदीप साव 26 तथा लीजा पैडा 20 के प्रेम प्रसंग का मामला था. दोनों ने अपनी मर्जी से 26 अप्रैल को घर से भागकर मंदिर में शादी कर ली थी. 28 अप्रैल को परिजनों के साथ थाना में लिखा- पढ़ी हुई जिसमें लीजा पैड़ा ने साफ साफ बताया कि उसने संदीप साव के साथ शादी कर ली है और वह उसी के साथ ही रहेगी. संदीप अपनी पत्नी, मां एवं पिताजी के साथ ऑटो से अपने घर के लिए निकल गए तो एनएच 49 पर उनलोगों ने आकर मारपीट कर लीजा पैड़ा को अगवा कर ले गए.
ये भी पढ़ें- Tatanagar Station: ट्रेन से उतर रही महिला से मोबाइल छीनकर भागा चोर, एक महिला चोरी के मोबाइल के साथ पकड़ाई




