
Ranchi: कोयला ट्रांसपोर्ट से जुड़ी कंपनी मां अंबे माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड पर चतरा और हजारीबाग जिला प्रशासन के अफसर मेहरबान हैं.
इस कंपनी की कारगुजारियों पर आंख बंद करने वाले अफसरों को इस बात का भी डर नहीं रहा कि भविष्य में कभी जांच हुई तो फंसेंगे.
मेहरबानी की पराकाष्ठा यह है कि हजारीबाग के माइनिंग अफसर नितेश गुप्ता खुल कर मां अंबे कंपनी के लिये काम करते दिख रहे हैं.
यह वही माइनिंग अफसर हैं, जिन्होंने जब्त कोयला को रैक पर लोड कर बाहर भेजने के मामले में मां अंबे माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की.
इसे भी पढ़ेंः मेहरबानीः मां अंबे कंपनी ने जब्त कोयला को रैक लोडिंग कर बाहर भेजा, चुप रहे पूर्व हजारीबाग डीसी व माइनिंग अफसर
आश्चर्य की बात यह भी है कि प्रमाण के साथ खबरें प्रकाशित होने के बाद भी खनन विभाग के सचिव और निदेशक के स्तर से भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गयी.
21 मई 2019 को हजारीबाग माइनिंग अफसर नितेश गुप्ता ने धनबाद रेल मंडल के प्रबंधक को पत्र लिखा है. पत्र कटकमसांडी रेलवे साइडिंग से कोयले की रैक लोडिंग को लेकर लिखा गया है. जिसमें उन्होंने लिखा है कि मां अंबे माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी कटकमसांडी रेलवे साइडिंग से एनटीपीसी, बाढ़ के लिये कोयला परिवहन का काम करती है.
इस कंपनी के अलावा किसी अन्य कंपनी या फर्म को कोयला परिवहन के लिये रैक व इंडैंट उपलब्ध नहीं कराया जाये. भविष्य में यदि किसी अन्य कंपनी या फर्म को कोयला रैक इंडेंट दिया जाता है, तो इसकी सारी जवाबदेही रेलवे प्रशासन की होगी.
किसी ट्रांसपोर्ट कंपनी को कोयला रैक लोडिंग करने की इजाजत देने से पहले प्रदूषण विभाग की एनओसी, भंडारण का लाइसेंस, रैयत की मंजूरी समेत करीब दर्जन भर एनओसी लेने होते हैं.
इसे भी पढ़ेंःमां अंबे माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड पर क्यों मेहरबान है चतरा व हजारीबाग जिला प्रशासन
हजारीबाग जिला खनन पदाधिकारी ने मां अंबे कंपनी को कोयला लोडिंग करने की इजाजत दी है, तो यह मान लिया जाये कि इस कंपनी ने सभी तरह के प्रमाण पत्र (सीटीओ) हासिल करके खनन विभाग को उपलब्ध जरुर कराया होगा.
लेकिन न्यूज विंग के पास पक्की सूचना है कि जो-जो कागजात मां अंबे कंपनी ने खनन विभाग को उपलब्ध कराये हैं, वह सब कागजात उससे पहले दूसरी कंपनियों ने भी उपलब्ध करा दिया है. इसके बावजूद माइनिंग अफसर ने सिर्फ मां अंबे कंपनी को कोयला लोडिंग करने की इजाजत दी.
इससे स्पष्ट होता है कि माइनिंग अफसर नितेश गुप्ता यह चाहते हैं कि कटकमसांडी कोल साइडिंग से सिर्फ मां अंबे कंपनी ही कोयला लोडिंग करें.
इस पूरे मामले में न्यूज विंग ने माइनिंग अफसर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी. उन्होंने मैसेज का भी जवाब नहीं दिया. अगर वह अपना पक्ष रखते हैं, तो उसे प्रमुखता से प्रकाशित किया जायेगा.
इसे भी पढ़ेंः क्या शिवपुर रेलवे साइडिंग चालू कराने में टीपीसी के अर्जुन गंझू का हाथ है




