News Wing
Vijayawada, 20 September: आंध्रप्रदेश के प्रकाशम जिले में शादी के कुछ ही घंटों बाद नवविवाहित दंपत्ति ने ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी. घटना के बारे में पुलिस ने बताया कि नवविवाहित दंपत्ति इंजीनियरिंग के छात्र थे. दोनों ही अपने घर से मंगलवार को भाग गए थे और विजयवाड़ा पहुंच कर दोनों ने शादी कर ली. लेकिन बुधवार सुबह दोनों का शव वेटापलेम रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर मिली.
क्या है मामला
चिराला में प्राइवेट कॉलेज का छात्र बत्तुला संदीप व भोगीरेड्डी मौनिका एक ही कॉलेज में पढ़ते थे. दोनों के बीच प्रेम संबंध था और वे शादी करना चाहते थे लेकिन दोनों के परिवार वाले इस शादी के लिए तैयार नहीं थे. जिसके बाद दोनों मंगलवार को अपने-अपने घर से भाग गए. दंपत्ति के दोस्तों ने बताया कि मंगलवार को विजयवाड़ा में उन्होंने विवाह किया था. विवाह के बाद उसी रात उन्होंने अपने दोस्तों को मैसेज भेज दिया था कि वे आत्महत्या करने जा रहे हैं.
फिलहाल पुलिस ने मामले को दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है. पुलिस ने मामले के बारे में यह संदेह जताया है कि परिजनों से सामना करने की हिम्मत न होने के कारण उन्होंने आत्महत्या करने का कदम उठाया होगा.




