JharkhandPalamu

पलामू: जर्जर बिजली का खंभा गिरा, दबकर सातवीं कक्षा के छात्र की मौत

Palamu: तरहसी थाना क्षेत्र के परसाई में बिजली का पोल अचानक गिर जाने से 12 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. युवक की पहचान परसाई निवासी चूल्हन महतो के 12 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, रास्ते से गुजरने के दौरान अचानक एक बिजली का पोल टूटकर किशोर पर गिरा, जिससे वह दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया.
परिजन आनन-फानन में घायल मनोज को लेकर तरहसी अस्पताल पहुंचे. जहां प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिये सदर अस्पताल भेज दिया, लेकिन रास्ते में ही बच्चे की मौत हो गयी.

मृतक सातवीं कक्षा का छात्र था. अचानक हुई इस घटना से घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक डॉ शशिभूषण मेहता पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को ढाढ़स बंधाया. डॉ मेहता ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.

इसे भी पढ़ें – #CoronaUpdates: बोकारो में एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज मिला, राज्य में 42 पहुंचा आंकड़ा

पीड़ित परिवार को बिजली विभाग दें मुआवजा: विधायक

क्षेत्रीय विधायक कुशवाहा डॉ शशिभूषण मेहता ने चूल्हन महतो के बेटे की मौत के लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया है. विधायक डॉ मेहता ने बिजली विभाग के ठेकेदार पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए पीड़ित परिवार को 5 पांच लाख मुआवजे की मांग की है.
उन्होंने बताया कि पूरे पांकी विधानसभा में मानक के अनुरूप एक भी पोल नहीं गाड़े गये हैं. बिजली पोल संवेदक के द्वारा नहीं गाड़ा गया. ग्रामीण खुद पोल गाड़े और संवेदक के द्वारा भुगतान लिया गया. पूरे विधानसभा क्षेत्र में बिजली के पोल झुके हुए हैं. कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती है.

इसे भी पढ़ें – #CoronaUpadtes: 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 1553 नये केस, 36 की मौत- स्वास्थ्य मंत्रालय

विभाग जांच कर पुनः गाड़े बिजली के खंभे: प्रियदर्शी

इधर प्रमुख संघ के प्रमंडलीय अध्यक्ष सह तरहसी प्रमुख अमुक प्रियदर्शी ने भी इस घटना के लिए बिजली विभाग को ही जिम्मेवार ठहराया है. उन्होंने कहा कि मेरे द्वारा बोर्ड की बैठक में लगातार मामले को उठाया जाता रहा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
बिजली का एक भी पोल मानक के हिसाब से पूरे विधानसभा में नहीं गाड़ा गया है. विभाग जांच कर फिर से सभी पोल को गाड़े, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं हो.

इसे भी पढ़ें – #Hazaribagh के गिद्दी में भीड़ ने की थी युवक की पिटाई, चार हुए गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button