
Ranchi: रांची डीसी छवि रंजन की अध्यक्षता में केंद्र प्रायोजित योजना नेशनल मिशन फॉर सस्टेनेबल एग्रीकल्चर अंतर्गत रेनफेड एरिया डेवलपमेंट अव्यव के क्रियान्वयन के लिए जिला मिशन समिति की बैठक आयोजित की गयी.
इस योजना का क्रियान्वयन रांची जिले के कांके प्रखंड में बगदा एवं रारा तथा नामकुम प्रखंड के लाली, हेसाटोली एवं कुदागरा गांव में किया जाना है.
इसे भी पढ़ें : 18000 पंचायत स्वयंसेवक 12 जनवरी को अपने-अपने इलाकों के विधायकों का घेरेंगे आवास
इस योजना का उद्देश्य समेकित कृषि प्रणाली के साथ-साथ मूल्य संवर्धन तथा संसाधन संरक्षण करना है. मूल रूप से इस योजना के तहत उद्यान, पशुपालन, मछली पालन आधारित खेती के साथ-साथ केंचुआ खाद उत्पादन तथा उत्पादित सब्जियों और फलों के भंडारण के लिए गोदाम का निर्माण किया जाना है. इसके लिए कुल 358 हेक्टेयर में कार्य किया जाना है, जिसके विरुद्ध 1.31 करोड़ राशि व्यय की जायेगी.
बैठक के दौरान डीसी ने योजना को बेहतर तरीके से धरातल पर उतारने का निर्देश देते हुए कहा कि लाभुकों का डिटेल रखें, योजना का लाभ देने पर फोटोग्राफी भी करायें. योजना का मूल उद्देश्य किसानों को खेती के साथ-साथ अतिरिक्त आय का सृजन करना है, ताकि उनकी आर्थिक सुदृढ़ हो सके.
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी के प्रतिनिधि, दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, उप परियोजना निदेशक, आत्मा रांची, ग्रामीण विकास ट्रस्ट एवं शिशु संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें : अरविंद सिंह हत्याकांड : फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर भाई ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित कई अधिकारियों को लिखा पत्र




