National

यूपीः यमुना एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों से भरी बस नाले में गिरी, 29 लोगों की मौत

Agra: आगरा जिले के थाना एत्मादपुर झरना नाले के पास भीषण सड़क हादसा हुआ है. जहां यात्रियों से भरी एक बस सोमवार को पुल से नीचे गिर गई. इस हादसे में करीब 29 लोगों की मौत हो गई और 18 लोग घायल हो गए.

घायलों में बच्चे और महिलाएं भी हैं. जिन्हे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटनास्थल पर राहत व बचाव कार्य चलाया जा रहा है.

लखनऊ से दिल्ली जा रही थी बस

मिली जानकारी के मुताबिक लखनऊ से दिल्ली जा रही अवध डिपो की जनरथ बस में करीब 50 लोग सवार थे. सुबह 4.30 बजे ये हादसा हुआ. एत्तमादपुर इलाके में झरना नाले में यह बस अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसमें अब तक 29 लोगों की मौत की खबर है.

इसे भी पढ़ेंःCNT उल्लंघन मामले में कल्पना सोरेन और जमीन बेचने वाले राजू उरांव को नोटिस


अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद से अब तक कई शवों को निकाल लिया गया है. लेकिन माना जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.

नाले में पानी भरा होने से राहत कार्य में परेशानी

फ़िलहाल मौके पर राहत बचाव कार्य जारी है और जिले के आला अधिकारियों सहित पुलिस बल मौके पर मौजूद है. लेकिन खाई में पानी भरे होने की वजह से राहत व बचाव कार्य में मुश्किल आ रही है. साथ ही कहा कि अभी तक हादसे की वजह का पता नहीं चल सका है.

इसे भी पढ़ेंःपुलिस बलों के 5.28 लाख पद देश भर में  रिक्त , यूपी में 1.29 लाख पद खाली

डीएम एनजी रवि कुमार ने बताया कि लखनऊ से दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे जा रही बस यमुना एक्सप्रेसवे पर रेलिंग तोड़ते हुए नाले में जा गिरी.

हादसे में घायल हुए लोगों को जिले के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है. वहीं अब तक 29 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. जिनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

ऐसा माना जा रहा है कि बस चालक की आंख लगने की वजह से यह हादसा हुआ. लोगों के सामान से मृतकों की शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है.

इधर घटना पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को घायलों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.

घटना के बाद यूपी रोडवेज ने मुआवजे का ऐलान कर दिया है. मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी.

इसे भी पढ़ेंःहेमंत के आवास पर 10 को जुटेगा विपक्ष, ग्रुप कैंपेनिंग और कार्यकर्ताओं में सामंजस्य पर जोर

Related Articles

Back to top button