
NewDelhi : देश की सर्वाधिक तेज गति की बिना इंजन वाली ट्रेन 18 दिल्ली से वाराणसी के बीच चलेगी. खबरों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 दिसंबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी से ट्रेन 18 को हरी झंडी दिखा सकते हैं. जानकारी के अनुसार यह ट्रेन शताब्दी ट्रेनों की जगह लेगी; शुरुआती योजना है कि ट्रेन 18 दिल्ली से सुबह छह बजे खुलेगी और दोपहर दो बजे वाराणसी पहुंचेगी. इसका मत्लब यह ट्रेन करीब 800 किमी की दूरी आठ घंटे में तय करेगी. वाराणसी से यह दिल्ली के लिए दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी और यहां रात 10:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी. बता दें कि इसी माह दो दिसंबर को ट्रेन 18 का ट्रायल रन कोटा-सवाई माधोपुर सेक्शन में किया गया था. इस दौरान ट्रेन ने 180 किमी/घंटा की गति पार की थी. बता दें कि 100 करोड़ की लागत से चेन्नई की कोच फैक्ट्री में बनी ट्रेन 18 ने गतिमान का रिकॉर्ड तोड़ा था.
यह 160 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती है. ट्रायल रन के बाद अधिकारियों ने कहा था कि यह ट्रेन 200 किमी/घंटा की रफ्तार तक पहुंच सकती है; यह मेक-इन-इंडिया के तहत शुरू हुई परियोजनाओं में से अहम है. अधिकारियों के अनुसार भारत में ट्रेन 18 का निर्माण होने की वजह से इसकी लागत घटी है. रफ्तार की वजह से यात्रा का समय 10-15 प्रतिशत तक घट जायेगा. जानकारी के अनुसार ट्रेन 18 में 360 डिग्री तक घूमने वाली सीटें हैं; एडवांस ब्रेकिंग सिस्टम है, जिससे ऊर्जा की बचत होती है. एयरोडायनैमिक डिजाइन वाले ड्राइवर केबिन ट्रेन के दोनों सिरों पर हैं, ताकि मंजिल तक पहुंचने के बाद ट्रेन तुरंत वापस लौट सके.




