
Ranchi: झारखंड को कुपोषणमुक्त बनाने की पहल तेजी से आगे बढ़ी है. कुछ महीने पहले शुरू हुई दीदी बाड़ी योजना से महिलाओं का बढ़ता रुझान इसका संकेत दे रहा है. ग्रामीण विकास सचिव आराधना पटनायक ने बुधवार को सभी जिलों के कुल 75 संकुल संगठन की दीदियों से दीदी बाड़ी के संबंध में विडियो कॉन्फ़्रेंसिंग से बात की.
बताया कि वर्तमान में लगभग 3 लाख से ज्यादा महिलाएं दीदी बाड़ी योजना से जुड़कर लाभ उठा रहीं हैं. योजना से जुड़कर एसएचजी की महिलाएं अपने और अपने परिवार के पोषणाहार के लिये अपने खेतों में या घर के बाहर खाली पड़ी जमीन में साग-सब्जी उगा रही हैं.
इससे ना सिर्फ उन्हें रोजगार मिल रहा बल्कि कुपोषण खत्म करने में भी मदद मिलेगी. इस दौरान मनरेगा आयुक्त सिद्धार्थ त्रिपाठी और जेएसएलपीएस के सीइओ राजीव कुमार भी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें- भाजपा महिला मोर्चा ने PM किसान सम्मान निधि से किसानों को जोड़ने की शुरू की मुहिम
5 लाख परिवारों को जोड़ने का है टारगेट
ग्रामीण विकास सचिव के अनुसार दीदी बाड़ी योजना के अंतर्गत 5 लाख परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य है. इसमें से 3 लाख परिवारों को योजना से जोड़ा जा चुका है. उम्मीद है कि दीदीयों के प्रयास से अगले 3 महीने में बचे हुए परिवारों को भी योजना से जोड़ लिया जाएगा.
झारखंड स्टेट लाइव्लीहुड प्रोमोशन सोसाइटी एवं मनरेगा के समग्र प्रयास द्वारा चलाये जा रही इस योजना से राज्य से कुपोषण को ख़त्म करने में मदद मिलने लगी है.
संकुल पदाधिकारियों से बात के क्रम में सचिव ने उनके क्लस्टर में योजना से सम्बंधित विकास कार्यो के बारे में भी जानकारी ली. साथ ही ये भी जाना कि गांवों में महिलाएं अपनी बाड़ी में मौसम के अनुसार कौन-कौन सी साग-सब्जियां लगा रहीं हैं.
इसे भी पढ़ें- अब फुटपाथ पर नहीं गुजरेंगी महिला दिहाड़ी श्रमिकों की रातें, सीएम की पहल पर अब मिलेगा आशियाना
योजना के क्रियान्वयन में मदद
मनरेगा आयुक्त सिद्धार्थ त्रिपाठी ने भी महिलाओं से बात की. दीदी बाड़ी योजना से सम्बंधित उनकी समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली. उन्हें आश्वस्त किया कि जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का निवारण किया जाएगा.
जेएसएलपीएस (झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाईटी) के राजीव कुमार ने संकुल संगठन की पदाधिकारियों से बात करते हुए उनसे अपने क्लस्टर की सभी ग्रामीण महिलाओं को दीदी बाड़ी योजना से जोड़ने की बात कही. साथ ही वर्तमान में सभी जिलों में योजना से सम्बंधित चल रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए दीदियों की हौसला भी बढ़ाया.
इसे भी पढ़ें- सीसीए आंदोलन के दौरान जिसने चलायी थी शाहीन बाग में गोली, वो बीजेपी में हुआ शामिल




