
Deoghar: देवघर जिला सहित आसपास के जिले के कारोबारियों कारोबारियों से तकरीबन 3.15 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में जसीडीह थाना क्षेत्र के कजरिया कॉलोनी में रहने वाले शैलेंद्र कुमार और उसकी पत्नी शिवानी को पुलिस ने गिरफ्ता कर लिया है. ये गिरफ्तारी उत्तरप्रदेश के मेरठ स्टेशन के पास से की गयी है. देवघर पुलिस कप्तान नरेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता कर बताया कि आरोपियों की तलाश कई दिनों से की जा रही थी. अंततः इसमें कामयाबी मिली. इनके मेरठ में होने के गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद तकनीकी टीम की मदद से इनकी गिरफ्तारी की गयी है.
ये लोग हुए हैं ठगी के शिकार
गौरतलब है कि आरोपी पर देवघर के श्री श्याम गृह लघु उद्योग के नाम पर जालसाजी करने के मामले में आरोपी दंपत्ति के विरुद्ध नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज है. इसके अलावा देवघर के विलियम्स टाउन निवासी सुदीप कुमार से 35 लाख रुपये की ठगी, देवघर चांदपुर निवासी सुनील कुमार पोद्दार से 35 लाख रुपये की ठगी और बिहार के भागलपुर के हंसराज विरल से 30 लाख रुपये की ठगी, भागलपुर कहलगांव के राकेश रोशन से 20 लाख रुपये की ठगी, देवघर बिलासी टाउन के कौशल किशोर से 2 लाख रुपये की ठगी, देवघर बिलासी टाउन के ही दिवकान्त झा से जमीन के नाम पर 9 लाख रुपये की ठगी, देवघर झौंसगढ़ी के मणिशंकर केशरी से 11 लाख रुपये की ठगी, धनबाद कतरास की निवासी विभा देवी से 1.60 लाख रुपये की ठगी समेत देवघर नॉलखा के आरएस पांडेय से 15 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप इस दंपत्ति पर है.
नयी कंपनी खोलने के नाम पर झांसा देते थे कारोबारियों को
आरोपी शैलेन्द्र और उसकी पत्नी पर कंपनी खोलने और पार्टनरशिप का लालच देकर तकरीबन 3.15 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है. ये दंपती लोगो से ठगी कर फरार हो गया था. पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप भी बरामद किया है.
इसे भी पढ़ेंः राज्य में जादू-टोना, अंधविश्वास के नाम पर होती हैं हर महीने औसतन दो हत्याएं




