
Ranchi: राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या दिन प्रतिदिन घटती जा रही है. संक्रमित मरीजों के ठीक होने की संख्या अधिक है. राज्य में 18 अक्टूबर तक कुल 95967 संक्रमित मरीज मिले हैं. जिसमें से 88559 संक्रमित ठीक होकर घर लौट चुके हैं. मात्र 6576 मरीज ही एक्टिव हैं.
झारखंड के 24 जिलों में से 22 जिलों में एक्टिव मरीजों की संख्या 400 से भी कम है. 9 जिलों में कोरोना संक्रमित एक्टिव मरीजों की संख्या एक सौ से भी कम है. राज्य में अबतक 824 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है. संक्रमितों के मुकाबले मरने वालों का दर 0.86 प्रतिशत है.
इसे भी पढ़ेंः बिहार चुनाव : जानिए नीतीश-भाजपा के हमलों से आहत चिराग ने क्यों कहा, पीएम मोदी को धर्मसंकट में नहीं डालना चाहते…
8 दिनों से बढ़कर 113 दिनों हो गया कोरोना संक्रमितों का डबलिंग रेट
झारखंड में शुरुआती दिनों में कोरोना संक्रमितों का डबलिंग रेट करीब 8 दिन का था. मतलब 8वें दिन कोरोना मरीजों की संख्या दोगुनी हो जा रही थी. वहीं अब यह डबलिंग रेट 113.5 दिनों का हो गया है. वहीं राष्ट्रीय डबलिंग रेट 80 दिनों का है. झारखंड का रिकवरी रेट 92.3 प्रतिशत का है, वहीं इसका राष्ट्रीय औसत 87.80 प्रतिशत है.
28 लाख लोगों की हो चुकी है कोरोना जांच
झारखंड में लगभग 28,42,835 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है. जिसमें से 95977 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके थे. कोरोना काल के मई और महीने के बाद कोरोना जांच की दर में लगातार बढ़त हो रही थी. अब यह घटने लगी है.
मई से लेकर अक्टूबर तक जांच की औसत दर प्रतिदिन 50 हजार के आसपास थी. दो से चार बार यह जांच एक लाख से भी अधिक हो चुकी थी. अब सितंबर के बाद से एक बार भी 35 हजार से अधिक जांच नहीं की गयी. पिछले दो महीने में औसतन 28 हजार जांच प्रतिदिन हो रही है.
इसे भी पढे़ंः जन्मदिन पर विशेष- आक्रोश का सबसे दमदार चेहरा ओमपुरी




