
Jamshedpur: जमशेदपुर के भुइयांडीह नंदनगर कानू भट्ठा की रहनेवाली रीता देवी को चोरी का सामान खरीदने के आरोप में सिदगोड़ा थाना पुलिस ने तीन दिनों से थाने में बैठा कर रखा है. इसको लेकर राष्ट्रीय तेली साहू महागठबंधन की झारखंड इकाई का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचकर एसएसपी के नाम एक मांग पत्र सौंपा. महागठबंधन के सदस्यों ने एसएसपी को बताया है कि रीता ने भूलवश चोरी का सामान खरीदा था. इसकी जानकारी मिलने पर पति ने उसकी पिटाई भी की थी. तीन दिनों में पुलिस महिला से और कुछ भी बरामद कर पाने में नाकाम रही है. बावजूद इसके उसे थाने में बैठा कर रखा गया है. महिला के छोटे- छोटे बच्चे भी हैं. ऐसे में महिला को थाने में बैठाकर रखना सही नहीं है. महागठबंधन ने एसएसपी को भरोसा दिलाया कि भविष्य में यदि महिला पर आरोप सिद्ध होता है तो बिना शर्त थाने के सुपुर्द कर दिया जाएगा, मगर मानवीय संवेदना के तहत फिलहाल महिला के रिहाई का आदेश जारी किया जाए. इस दौरान समाज और बस्ती के दर्जनों महिला- पुरुष मौजूद रहे.




