HazaribaghJharkhand

कोरोना के कारण निजी स्कूल के शिक्षकों और प्रबंधन से जुड़े कर्मचारियों का भविष्य अधर में

सरकार से सहयोग की अपील

Hazaribagh : हजारीबाग जिले में निजी विद्यालय चलानेवाले प्रबंधकों व हजारों शिक्षकों का भविष्य वैश्विक महामारी कोरोना ने संकट में डाल दिया है. इन विद्यालयों के प्रबंधक व शिक्षक जिला के करीब 80,000 से अधिक छात्र-छात्राओं का भविष्य निर्माण करने का काम करते हैं, लेकिन वैश्विक महामारी कोरोना के कारण अब खुद उनका और उनके परिवार का भविष्य अंधकारमय हो चला है.

पिछले 9 महीने से विद्यालय बंद हैं. बच्चों के शुल्क नहीं आ रहे हैं. हालांकि विद्यालय प्रबंधकों का कहना है कि सरकार के निर्देश के आलोक में वे सभी शिक्षकों और गैर शिक्षक कर्मियों को भुगतान कर रहे हैं. ऐसे में प्रबंधन की हालत खराब हो गयी है.

साथ ही शिक्षकों की भी स्थिति दयनीय हो गयी है. प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ट्रस्ट के बैनर तले इन 900 से अधिक विद्यालयों के प्रबंधकों ने प्रेस वार्ता कर सरकार से सहयोग की अपील की.

अध्यक्ष विपिन कुमार ने कहा कि सरकार जल्द विद्यालय खुलवाये. साथ ही उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन को आर्थिक सहयोग देने की अपील की, ताकि वे विद्यालय के किराये और वेतन का भुगतान कर सकें. शिक्षकों को डीएलएड की तरह ही बीएड भी करवाया जाये.

इसे भी पढ़ें : 15 हजार युवाओं को रोजगार देने का CM का वादा छलावा है : दीपक प्रकाश

यह भी कहा गया कि जिला में यू डाइस कोड प्राप्त विद्यालयों को संबंधन दिया जाये, ताकि ऐसे विद्यालय बच्चों का भविष्य बनाने का काम कर सकें. कहा गया कि सबकुछ अब खुल गया है. बाजार में भीड़ है, सड़कें जाम हो रही हैं. ऐसे में केवल विद्यालयों को बंद रखना सही नहीं प्रतीत होता. वैसे भी झारखंड में कोरोना संक्रमितों की रिक्वरी काफी अच्छी है.

यह भी कहा गया कि यदि इस दिशा में सरकार द्वारा पहल नहीं की गयी तो वे सभी आंदोलन करने को विवश होंगे. मंगलवार को ट्रस्ट के बैनर तले जिला के निजी विद्यालयों के प्रबंधक व शिक्षक शहर में मार्च निकाल कर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करने की योजना बनायी है. साथ ही मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपने का काम उनके द्वारा किया जायेगा.

प्रदर्शन सह मार्च स्वर्ण जयंती कैफेटेरिया से प्रारंभ होगा, जो शहर से होते हुए जिला समहारणालय में आकर समाप्त होगा. पत्रकार वार्ता में अध्यक्ष विपिन कुमार, उपाध्यक्ष छोटे लाल साव, सचिव प्रभु दयाल कुशवाहा, संयोजक मधुप मनोहर, कार्यकारी अध्यक्ष विनोद भगत, सह सचिव आमीर अल्ताफ, संगठन मंत्री मधुसुधन प्रसाद, मीडिया प्रभारी सोहेल अहमद नूर आदि उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें : एलेप्पी एक्सप्रेस जल्द शुरू होगी, वेल्लोर जानेवालों को मिलेगी राहत

Related Articles

Back to top button