Uncategorized

गगन नारंग की पहल पर संवरेगा लखनऊ नगर निगम का शूटिंग रेंज

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अमौसी हवाईअड्डे के नजदीक वर्षो से बदहाल पड़ी शूटिंग रेंज के दिन अब पलटने वाले हैं। ओलम्पिक पदक विजेता और अर्जुन अवार्ड से सम्मानित निशानेबाज गगन नारंग की पहल पर लखनऊ नगर निगम 13 करोड़ रुपये की लागत से इस शूटिंग रेंज को विकसित कर अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाएगा।

नगर निगम के अधिकारियों की मानें तो शूटिंग रेंज को विकसित करने के लिए 13 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि लंदन ओलम्पिक में कांस्य पदक विजेता रहे गगन नारंग इस शूटिंग रेंज का निरीक्षण भी कर चुके हैं और उन्होंने कहा है कि इस शूटिंग रेंज को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाया जा सकता है। इस परियोजना पर सुझाव और जरूरी मदद का भी उन्होंने भरोसा दिया है।

दरअसल, अमौसी हवाईअड्डे के हरिहन खेड़ा में बना यह शूटिंग रेंज कई वर्षो से यूं ही बदहाल पड़ा हुआ है। स्थानीय महापौर दिनेश शर्मा ने इसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर के शूटिंग रेंज के रूप में विकसित करने का वादा किया था, लेकिन तकनीकी दिक्कतों की वजह से वह प्रस्ताव अधर में लटक गया। और तब से यह शूटिंग रेंज धूल खा रहा है।

अब नगर निगम ने दोबारा इसे विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, शासन को भेजे गए प्रस्ताव में शूटिंग रेंज तक के लिए पहुंच मार्ग पर 4.99 करोड़ रुपये, शूटिंग रेंज की मरम्मत, इमारत के निर्माण एवं अन्य उपकरणों के लिए 8.37 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है।

नगर निगम के परियोजना प्रबंधक एसएफए जैदी के मुताबिक, “गगन नारंग ने जरूरी मदद करने का आश्वासन दिया है। शासन को संसाधनों को जुटाने के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है। लगभग 13 करोड़ की लागत से जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मंजूरी मिलते ही यहां काम शुरू कर दिया जाएगा।”

गगन नारंग ने यह भी कहा है कि मुख्यमंत्री खुद खेल व खिलाड़ियों की सुविधाओं को लेकर गंभीर हैं। ऐसे में वह अपने स्तर से इस पर अपने सुझाव और अन्य जरूरी मदद देंगे।

(रिपोर्ट : विद्या शंकर राय)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button