
Ranchi : शनिवार की दोपहर दो बजे टाटीसिल्वे के गिन्नी इंडस्ट्रीज फेज-2 में दिनेश लांबा नामक एक मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका हुआ बरामद हुआ. स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी टाटीसिल्वे थाना को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रिम्स भेज दिया. इधर, मजदूर दिनेश लांबा की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत को ग्रामीण हत्या बता रहे हैं. इस पर ग्रामीणों ने आक्रोश भी प्रकट किया. ग्रामीणों ने कहा कि दिनेश लांबा का कुछ दिनों पहले किसी से विवाद हुआ था. ग्रामीणों का आरोप है कि दिनेश ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी हत्या करके घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गयी है.
इसे भी पढ़ें- सड़क हादसे में दो की मौत-दो जख्मी, दुर्घटना पर लोगों का हंगामा
मजदूरों का कोई रिकॉर्ड नहीं रखती है कंपनी
स्थानीय लोगों ने और टाटीसिल्वे थाना प्रभारी ने बताया कि गिन्नी इंडस्ट्रीज कंपनी अपने यहां काम करनेवाले मजदूरों का कोई रिकॉर्ड नहीं रखती है. उन्हें समय पर पैसा भी नहीं दिया जाता है, जिसके कारण मजदूरों और कंपनी के अधिकारियों के बीच अनबन होती रहती है. मृतक दिनेश लांबा का कोई रिकॉर्ड नहीं होने के कारण, उसका घर का पता नहीं चल पा रहा है. टाटीसिल्वे थाना प्रभारी ने बताया कि यह हत्या है या आत्महत्या, यह तो अनुसंधान के बाद ही पता चलेगा. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.




