
Ranchi : इंदौर के सरकारी कॉलेज की पूर्व महिला प्रोफेसर के साथ बैंक केवाईसी अपडेट करने नाम पर ठगी करने के आरोपी को इंदौर पुलिस ने धनबाद से गिरफ्तार किया है. इंदौर से निरीक्षक राशिद अहमद के नेतृत्व में एक टीम धनबाद भेजी गयी थी. जहां पता चला कि आरोपी अपनी बहन की गोद भराई की रस्म में शामिल होने के लिए बोकारो गया था. पुलिस ने बोकारो से धनबाद आने वाले सभी रास्तों में टीम को तैनात किया और रास्ते में उसे धर दबोचा.
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि फर्जी खाते दूसरे आरोपियों से आठ हजार रुपए में खरीदे थे. इसके बाद उन्हें बल्क मैसेज भेजे थे. इनमें से एक मैसेज इंदौर की महिला प्रोफेसर का था. उन्होंने मैसेज का जवाब दिया और उनसे ठगी कर ली. आरोपी ने महिला के बैंक खातों से 33 लाख रुपए उड़ा लिये थे. आरोपी का नाम हरीश दास बताया गया है. गिरफ्तार आरोपी इंदौर की कन्या महाविद्यालय की पूर्व प्रोफेसर को बैंक खाते का केवाईसी अपडेट करने के नाम पर मैसेज भेजा था. इसके बाद खाते की डिटेल पूछ कर दो बैंक खातों के नेट बैंकिंग लॉगइन आईडी क्रिएट कर फोन नंबर चेंज कर खातों से 33 लाख रुपए निकाल लिये.




