
Ranchi: किसानों के लिये खुशखबरी है. जल्दी ही रांची से किसान रेल का परिचालन शुरू किया जायेगा. बुधवार को राउरकेला में दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल और चक्रधरपुर रेल मंडल की बैठक आयोजित की गई थी. इस बैठक में दोनों मण्डलों के सांसद विशेष रूप से उपस्थित थे. बैठक की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा सांसद जूएल उरांव ने की.
रांची सांसद संजय सेठ ने इस दौरान कहा कि रांची और आसपास के किसान बड़ी मात्रा में सब्जी की खेती करते हैं. उनकी फसलों को उचित बाजार उपलब्ध कराने के लिए किसान रेल चलाई जाए. इससे किसान अपनी सब्जियों को देश के दूसरे हिस्सों में भी भेज सकेंगे.
इस पर बैठक में शामिल अधिकारियों ने अपनी सहमति दे दी. बैठक में रेलवे के GM संजय कुमार महंती सहित रेलवे के कई वरीय अधिकारी भी उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: मोरहाबादी मैदान में 10 मार्च से होगी सेना में बहाली, झारखंड के सभी 24 जिलों युवक ले सकते हैं भाग
गंगा सतलज का रांची तक विस्तार
संजय सेठ ने लुधियाना से धनबाद तक चलने वाली गंगा सतलज एक्सप्रेस का विस्तार कर उसे रांची तक लाने का आग्रह किया. कहा कि इससे रांची और आसपास के लोग अयोध्या, लुधियाना जैसे दूसरे राज्यों का सफर आसानी से कर सकेंगे.
बैठक में इस पर भी रेलवे के अधिकारियों ने सहमति प्रदान की. इसका प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजने पर निर्णय लिया गया. इसके अलावे लोहरदगा-टोरी रेल मार्ग पर राजधानी एक्सप्रेस या गरीब रथ एक्सप्रेस को सप्ताह में 2 से 3 दिन चलाने पर चर्चा हुई. पुनदाग-भागलपुर में अंडरपास निर्माण को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई.
नहीं घटेगा रांची जयनगर में कोटा
बैठक में जयनगर एक्सप्रेस का विस्तार राउरकेला तक किए जाने पर चर्चा हुई. सांसद ने कहा कि किसी भी कीमत पर रांची से इसके सीटों की संख्या कम नहीं होनी चाहिए.
इस पर रांची के डीआरएम ने आश्वस्त किया कि किसी भी कीमत पर रांची में ट्रेन में सीटों की संख्या कम नहीं कराई जाएगी. इसकी बजाये बोगियों की संख्या बढ़ाई जाएगी.
इसे भी पढ़ें: ड्रॉपआउट बच्चों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण




