Uncategorized

सोंची समझी साजिश के शिकार हुए विकिलीक्‍स के असांजे

लंदन में गिरफ्तार विकिलीक्‍स के संस्‍थापक जूलियन असांजे दरअसल एक सोची समझी साजिश के शिकार हुए हैं. स्‍वीडन की जिन महिलाओं ने उनपर अवैध यौनाचार का आरोप लगाया उन्‍होंने पूरी रजामंदी से असांजे के साथ यौन संबंध स्‍थापित किये. यही नहीं, उस दौरान घटना के समुचित साक्ष्‍य जुटाये जिससे असांजे के खिलाफ पुलिस में पुख्‍ता मामला बन सके. यह खबरें अब स्‍वीडन मीडिया के विभिन्‍न स्‍त्रोतों से बाहर आने लगी हैं.

विभिन्‍न वेबसाइटों पर पुलिस और अदालत की फाइलों का हवाला देती हुई सूचनाओं और स्‍वीडन की मीडिया में चल रही खबरों से साफ है कि असांजे को जानबूझकर फंसाया गया है। इस साल अगस्‍त में स्‍वीडन की सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी के निमंत्रण पर स्‍टॉकहोम गए असांजे को वहां एक कार्यक्रम को संबोधित करना था। पार्टी से जुड़ी एक कार्यकर्ता अन्‍ना आर्डिन (31) इस कार्यक्रम के आयोजन का काम देख रही थी।

11 अगस्‍त को जब असांजे स्‍टॉकहोम पहुंचे तो आर्डिन ने उन्‍हें अपने फ्लैट में ठहरने को कहा। उस वक्‍त महिला का परिवार कुछ दिनों के लिए देश से बाहर गया था। 13 अगस्‍त की रात में आर्डिन और असांजे ने सेक्‍स किया। दोनों ने माना कि सेक्‍स के दौरान कंडोम का इस्‍तेमाल किया गया लेकिन कंडोम फट गया। 20 अगस्‍त को आर्डिन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि असांजे ने जानबूझकर सेक्‍स के दौरान कंडोम फाड़ दिया।

जूलियन असांजे

आर्डिन के अलावा असांजे पर यौन उत्‍पीड़न का आरोप लगाने वाली 26 साल की सोफिया विलेन ने 16 अगस्‍त की रात में और अगले दिन सुबह असांजे के साथ सेक्‍स किया। पहली बार सेक्‍स के दौरान इन दोनों ने कंडोम का इस्‍तेमाल किया लेकिन दूसरी बार बिना कंडोम के ही सेक्‍स किया। पेशे से फोटोग्राफर विलेन ने 20 अगस्‍त को पुलिस में शिकायत की कि असांजे ने ही कंडोम पहनने से इनकार कर दिया था।

हालांकि असांजे का कहना है कि दोनों महिलाओं से सेक्‍स उनकी रजामंदी से ही हुआ। सेक्‍स के बाद किसी भी महिला ने असांजे के खिलाफ आवाज नहीं उठाई। असांजे की वकील के मुताबिक न तो विलेन और न ही आर्डिन ने रेप की शिकायत की।

14 अगस्‍त को असांजे ने एक समारोह में करीब डेढ़ घंटे का भाषण दिया। इस दौरान आर्डिन और विलेन भी मौजूद थी लेकिन आर्डिन के चेहरे से ऐसा नहीं लग रहा था कि असांजे से उसके साथ कोई अपराध किया है। 13 अगस्‍त की रात आर्डिन ने असांजे को डिनर पर बुलाया था। रात करीब दो बजे आर्डिन ने ट्विट किया कि वह दुनिया के सबसे बेहतरीन इंसान के साथ बैठी हैं। हालांकि 20 अगस्‍त को पुलिस में शिकायत के बाद यह ट्विट हटा दिया गया था।

17 अगस्‍त की सुबह सेक्‍स करने के बाद विलेन ने खुद नाश्‍ता तैयार किया और असांजे को सर्व किया। अगले दिन विलेन ने आर्डिन को फोन कर बताया कि उसने असांजे के साथ असुरक्षित यौन संबंध बनाए हैं ऐसे में उसे यौन संक्रमित रोगों या प्रेग्‍नेंसी का डर लग रहा है। आर्डिन ने कहा कि उसने भी असांजे के साथ सेक्‍स किया है। 20 अगस्‍त को दोनों महिलाओं ने पुलिस में असांजे के खिलाफ शिकायत दर्ज कर दी।
स्‍वीडन के कानून के तहत सेक्‍स के दौरान किसी वक्‍त यदि महिला अपनी रजामंदी वापस ले लेती है और पुरुष ऐसा नहीं चाहता है तो यह बलात्‍कार की श्रेणी में आता है। इसी तरह के ‘अपराध’ के तहत असांजे को आरोपी बनाया गया है। इस कानून को ‘सरप्राइज सेक्‍स लॉ’ भी कहा जाता है।

हालांकि असांजे के खिलाफ लगे आरोपों की जांच अभी हो रही है और इसे स्‍वीडन की अदालत में भी साबित करना होगा। लेकिन असांजे और उनकी कल्‍पना विकीलीक्‍स के साथ ‘रेप’ शब्‍द जरूर जुड़ गया है। गूगल सर्च पर विकीलीक्‍स रेप लिखकर सर्च करने पर लाखों रिजल्‍ट पल भर में हाजिर हो जाते हैं।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button