
NewDelhi : जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने से पाकिस्तान की बौखलाहट लगातार बढ़ रही है. पाकिस्तान की इमरान सरकार कट्टरपंथियों और सेना के जबर्दस्त दबाव में आ गयी है. खबर है कि भारत के साथ रिश्तों को डाउनग्रेड करने और भारत के राजदूत को वापस भेजने के बाद पाकिस्तान ने समझौता एक्स्प्रेस को वाघा बॉर्डर पर रोक दिया है. इस क्रम में पाकिस्तान ने भारतीय फिल्मों पर भी बैन लगा दिया है. पाकिस्तान ने अपने यहां भारतीय फिल्मों पर भी रोक लगा दी है. पाक पीएम इमरान खान की सूचना एवं प्रसारण मामले पर विशेष सलाहकार डॉक्टर फिरदौस आशिक अवान ने बताया कि पाकिस्तान के सिनेमाघरों में कोई भी हिंदुस्तानी फिल्म नहीं दिखाई जायेगी.
भारत ने अपना ड्राइवर और इंजन भेजा
रिपोर्ट्स के अनुसार आज पाकिस्तान से समझौता एक्सप्रेस को वापस आना था, लेकिन पाकिस्तान ने उसे वाघा बॉर्डर पर रोक दिया. इससे कई लोग वाघा बॉर्डर पर फंस गये. इस बीच, भारत ने वाघा बॉर्डर पर रुकी ट्रेन लाने के लिए अपना ड्राइवर और इंजन भेज दिया है. जान लें कि पाकिस्तान ने भारत की सीमा में अपने गार्ड और ड्राइवर को भेजने से इनकार कर दिया था. उसने भारत से कहा कि वह अपना ड्राइवर और गार्ड भेजे. पाकिस्तान की इस कदम से यात्री असमंजस में फंस गये. इसके बाद भारत ने कहा कि वह अपना गार्ड और ड्राइवर भेजकर ट्रेन को अपनी सीमा में लायेगा.
उत्तरी रेलवे के सीपीआरओ दीपक कुमार ने जानकारी दी कि पाकिस्तानी अधिकारियों ने ट्रेन के ड्राइवर और गार्ड की सुरक्षा से जुड़े सवाल उठाये थे. हमने उन्हें बताया कि भारत की तरफ स्थिति सामान्य है. उन्होंने कहा, ट्रेन वाघा की तरफ खड़ी है. हमने उसे लाने के लिए इंजन भेज दिया है. बताया कि 110 यात्री ट्रेन में हैं. हम उन्हें वाघा अटारी से लायेंगे. कहा कि इधर भी 70 लोग पाकिस्तान जाने के लिए इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में यह कहना कि ट्रेन रद्द हो गयी है, सही नहीं होगा.
एयर स्ट्राइक के बाद भी समझौता एक्सप्रेस रोक दी थी
जान लें कि पाकिस्तान ने पुलवामा हमले के बाद भारत द्वारा की गयी एयर स्ट्राइक के बाद भी समझौता एक्सप्रेस की आवाजाही रोक दी थी, जिसे बाद में चार मार्च को बहाल किया गया था. अब फिर पाकिस्तान ने इसे रोकने का ऐलान किया है. इससे पूर्व बुधवार को भारत के साथ व्यापार रोकने और राजनयिक संबंधों में कटौती की घोषणा पाकिस्तान की थी. पाकिस्तान के क्रू गार्ड ने ट्रेन बाघा पर खड़ी कर दी. पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों से ट्रेन को अटारी लाने में असमर्थता जतायी. हालांकि उत्तरी रेलवे ने उन्हें आश्वस्त किया कि सुरक्षा का कोई खतरा नहीं है. लेकिन, पाकिस्तानी ड्राइवर ने कहा कि वह अपनी तरफ से आश्वस्त होने के बाद ही ट्रेन अटारी तक ले जायेंगे, नहीं तो वहां से इंडियन क्रू गार्ड को ही भारत की सीमा में लाना पड़ेगा.
इसे भी पढ़ें : प्रधानमंत्री मोदी रात आठ बजे देश के नाम संदेश देंगे, कश्मीर को लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं




