
Garhwa : जिले के नगर उंटारी (श्री बंशीधर नगर) अनुमंडल मुख्यालय के धुरकी मोड़ पर संचालित गुलाब हॉस्पिटल एवं गुलाब स्कूल ऑफ नर्सिंग से पास आउट छात्राओं ने रविवार को प्रबंधक पर धोखाधड़ी करने एवं फर्जी प्रमाण पत्र देने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया.
छात्रा कुमारी सविता, कुमारी मायावती, रंजू कुमारी सहित डेढ़ दर्जन नर्सिंग कर चुकी छात्राओं ने बताया कि वर्ष 2018-2020 के बीच में हमलोगों ने गुलाब स्कूल ऑफ नर्सिंग में नामांकन कराया था. उस समय प्रबंधक के द्वारा कहा गया था कि झारखंड मेडिकल काउंसिल तथा भारतीय मेडिकल काउंसिल से हमारी संस्था सम्बद्ध है, कहीं कोई परेशानी नहीं होगी. लेकिन जैसे ही हमलोगों का कोर्स पूरा हुआ. हमलोगों के द्वारा उत्तर प्रदेश में निकली नर्स की वेकेंसी को भरा. हमलोगों ने दो-दो परीक्षा क्वालीफाई की. जब काउंसलिंग के लिए हमलोगों ने नर्सिंग का प्रमाण पत्र दिया तो जांच पदाधिकारी के द्वारा कहा गया कि यह प्रमाण पत्र मान्य नहीं है. इतना सुन हमलोगों के होश उड़ गये.
इसे भी पढ़ें: कोडरमा : रेलवे सुरक्षा बल एवं पुलिस ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च किया
प्रमाण पत्र जांचने के बाद पदाधिकारियों का कहना था कि गुलाब स्कूल ऑफ नर्सिंग भारतीय मेडिकल काउंसलिंग से मान्यता प्राप्त नहीं है. हमलोगों को पदाधिकारियों के द्वारा सात दिन का समय दिया गया है. जब हमलोग प्रबंधक से मिलकर पूरी बात बताई तो उनके द्वारा सिर्फ यह कहकर टाल दिया गया कि हमने भारतीय मेडिकल काउंसिल में मान्यता के लिए अप्लाई किया है. इसमें हम कुछ नहीं कर सकते. छात्राओं ने कहा कि हमारा पैसा के साथ-साथ दो वर्ष का समय भी बर्बाद हो गया. छात्राओं ने कहा कि जल्द ही प्रबंधन के द्वारा कोई कारगर कदम नहीं उठाया गया तो हमलोग कोर्ट जायेंगे.
क्या कहते हैं गुलाब स्कूल ऑफ नर्सिंग के प्रबंधक
गुलाब स्कूल ऑफ नर्सिंग के प्रबंधक डॉ संतोष कुमार ने बताया कि वर्ष 2018 में भारतीय मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन के लिए अप्लाई किया था. लेकिन कोर्ट में मामला होने के कारण उस वर्ष मान्यता नहीं मिल पाया था, लेकिन मार्च 2022 में फिर से मान्यता के लिए अप्लाई किया हूं. इस वर्ष उन्हें रजिस्ट्रेशन मिल जाने की पूरी उम्मीद है.
उन्होंने कहा कि छात्राओं के द्वारा फर्जी प्रमाण पत्र देने की बात पूरी तरह से गलत है. मेरी संस्था झारंखड मेडिकल काउंसिल में रजिस्टर्ड है. झारखंड में कहीं कोई परेशानी नहीं है. दूसरे स्टेट के लिए तब तक थोड़ी परेशानी है जब तक भारतीय मेडिकल काउंसिल की मान्यता गुलाब स्कूल ऑफ नर्सिंग को नही मिल जाती है.
आरोप लगाने वाली नर्सिंग छात्राओं में कुमारी सविता, कुमारी मायावती, रंजू कुमारी, सरिता कुमारी, अमृता कुमारी, रागनी कुमारी, प्रतिमा कुमारी, रिशु कुमारी, सरिता कुमारी, शीला कुमारी, पार्वती कुमारी, पूनम कुमारी, सोनी कुमारी, चंद्रिका कुमारी, कुमारी कंचन गुप्ता, कुमारी बिंदा, कुमारी संगीता, उषा कुमारी, रेणु कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल थी.
इसे भी पढ़ें: मांडर विधानसभा उपचुनाव : रांची में AIMIM प्रमुख ओवैसी के स्वागत में लगे ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे !




